सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव की जन विश्वास अभियान से जनहित को नई गति

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रायसेन जिले के मण्डीदीप में इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के कार्यालय में भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा, उद्योग विभाग के आयुक्त दिलीप कुमार तथा कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा उद्योगपतियों के साथ औद्योगिकीकरण और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के संबंध में संवाद किया गया।

भोपाल संभागायुक्त शर्मा ने उद्यमियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उद्योगों के विकास, नए निवेश को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन तथा शासन की औद्योगिक योजनाओं का अधिकतम लाभ उद्यमियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रियंका राजेंद्र अग्रवाल, होशंगाबाद रेंज आईजी चन्द्रशेखर सोलंकी भी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त श्री शर्मा ने कहा कि नवीन उद्योगों की स्थापना, औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने हेतु शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उद्योग और प्रशासन के बीच निरंतर संवाद से औद्योगिक विकास को नई गति मिलती है। उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है, ताकि अधिक से अधिक निवेश आकर्षित हो और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके। हमें मिलकर औद्योगिक प्रगति और रोजगार को बढ़ाना है।

संभागायुक्त ने कहा कि औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने हेतु इनोवेटिव सोच के साथ काम करें। क्षेत्र में और कौन-कौन सी इंडस्ट्रीज या औद्योगिक इकाईयां स्थापित की जा सकती हैं, इस पर काम करें! जैसे यहां से कच्चा माल अन्य राज्यों में भेजा जाता है, जहां उससे उत्पाद तैयार किए जाते हैं तो उन उत्पादों के निर्माण हेतु यहीं औद्योगिक इकाई शुरू करने की दिशा में काम किया जाए। इसके अतिरिक्त विदेशों में निर्यात किए जाने वाले उत्पाद या सामग्री निर्माण हेतु भी उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। इसमें शासन स्तर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

उन्होंने उद्यमियों से कहा कि वह अपनी औद्योगिक इकाईयों में आग या अन्य दुर्घटना से बचाव हेतु सभी जरूरी व्यवस्थाएं, उपकरण रखें। आग से बचाव या सुरक्षा हेतु निर्धारित मापदण्ड या नियमों का सख्ती से पालन जरूरी है। इसके अतिरिक्त श्रम विभाग की नीतियों का भी गंभीरता से पालन किया जाएगा। श्रम संबंधी नियमों से कोई समझौता ना करें। उन्होंने महिला सुरक्षा हेतु भी आवश्यक नियमों का पालन करने के लिए कहा।

उद्योग विभाग के आयुक्त दिलीप कुमार ने उद्योगपतियों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए लगातार प्रयासरत है। विभाग द्वारा उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करने निरंतर काम किया जा रहा है। उन्होंने उद्यमियों से आग्रह किया कि वे शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर अपने उद्योगों का विस्तार करें और स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करें।कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों ने उद्योग विभाग द्वारा आयोजित इस संवाद को सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से प्रशासन और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है तथा औद्योगिक विकास की दिशा में नई संभावनाएं विकसित होती हैं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी तथा उद्योगपति उपस्थित रहे।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #जनह #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #तहत #एशन