सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कइंटीग्रेटेड ट्रेड .. न्यूज़ भोपाल : अमेरिका की सॉफ्टवेयर फर्म विस्टेक्स के CEO संजय शाह की गुरुवार को हैदराबाद में आयरन केज से गिरने से मौत हो गई। वहीं कंपनी के प्रेसिडेंट की हालत गंभीर है। रामोजी फिल्म सिटी में कंपनी सिल्‍वर जुबली सेलिब्रेशन के दौरान केज की चेन टूटने से यह हादसा हुआ।

समारोह के दौरान, संजय शाह (56) और प्रेसिडेंट राजू दतला (52) एक आयरन केज में घुस गए, जिसका निचला भाग मेटल का था और लकड़ी की फेंस थी। केज 6 मिमी केबल के जरिए 25 फीट की ऊंचाई पर क्रेन से लटका हुआ था।

केज को जब नीचे ले जाया जा रहा था, तो केबल एक तरफ से टूट गई और वे दोनों कंक्रीट स्टेज पर गिर गए। दुर्घटना के बाद शाह और दतला को अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान शाह की मृत्यु हो गई, और उनके सहयोगी की हालत गंभीर है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

अब्दुल्लापुरमेट के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि संजय शाह का पोस्टमॉर्टम हो गया है और शव परिवार को सौंप दिया गया है। शिकायत के बाद, रामोजी फिल्म सिटी मैनेजमेंट (उषा किरण इवेंट्स) और रामोजी फिल्म सिटी के सीनियर इवेंट मैनेजर रितिक चटर्जी समेत अन्य पर केस दर्ज किया गया है।

इलिनोइस स्थित कंपनी है विस्टेक्स

विस्‍टेक्‍स एक इलिनोइस बेस्‍ड फर्म है, जो रेवेन्यू मैनेजमेंट सॉल्यूशन और सर्विस प्रोवाइड कराती है। कंपनी के ग्लोबल लेवल पर 20 ऑफिस हैं और 2,000 से ज्यादा कर्मचारी हैं। विस्टेक्स जीएम, बैरिला और बायर जैसे प्रमुख ब्रांडों को सर्विस देती है।

इस कंपनी की स्थापना 1999 में शाह ने की थी। शाह ने लेह यूनिवर्सिटी में विस्टेक्स फाउंडेशन और विस्टेक्स इंस्टीट्यूट फॉर एक्जीक्यूटिव लर्निंग एंड रिसर्च की भी स्थापना की थी। वहीं कंपनी के प्रेसिडेंट दतला 2000 से विस्टेक्स के साथ हैं।