आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : फ्लिपकार्ट के बिग बिलियन डेज और अमेजन की ग्रेट इंडियन फेस्टिवल सेल 8 अक्टूबर से शुरू हो रही है। कपड़े, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर 90% तक डिस्काउंट का दावा किया जा रहा है। क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करने पर अलग से डिस्काउंट मिलेगा।

इसके अलावा बहुत सारे बायर इन दिनों बाय नॉउ पे लेटर (BNPL) जैसे ऑप्शन का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। BNPL सर्विस बहुत सारे युवा खरीदारों को प्रभावित करने में कामयाब रही है। पर्सनल लोन या क्रेडिट कार्ड लेने की तुलना में BNPL स्कीम ज्यादा अट्रैक्टिव नजर आती है।

ऐसा इसलिए क्योंकि इसमें जीरो पर्सेंट इंटरेस्ट का दावा किया जाता है। इस सुविधा को लेने की प्रोसेस भी आसान है। इसके अलावा EMI में पेमेंट की सुविधा मिलती है। BNPL कंपनियां आपको बिना ब्याज कर्ज चुकाने के लिए कुछ दिनों की मोहलत देती हैं। हालांकि, फाइनेंशियल डिसिप्लिन के बिना इसका इस्तेमाल भारी पड़ सकता है।

यहां हम आपको BNPL का फायदा लेने के पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और समय पर पैसा न चुकाने पर किन परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है इस बारे में बता रहे हैं…

बाय नाउ पे लेटर सर्विस क्या है?

BNPL ग्राहकों को EMI में पेमेंट करने की सुविधा देता है। इसमें 0% ब्याज दर का दावा किया जाता है। एक ग्राहक ऑनलाइन खरीदारी करते समय पैसे की कमी के कारण खरीदारी को पोस्टपोन करने का फैसला ले सकता है, लेकिन BNPL से ग्राहक को तुरंत पेमेंट किए बिना प्रोडक्ट खरीद सकता है। उसे अपनी खरीदारी को पोस्टपोन करने की जरूरत नहीं पड़ती।

BNPL कंपनी ग्राहक की ओर से मर्चेंट को एक छोटी ट्रांजैक्शन फी लेने के बाद पेमेंट कर देती है। एक बार जब लेंडर आपकी ओर से भुगतान कर देता है, तो आपको एक निर्धारित समय अवधि के भीतर राशि चुकानी होती है। इसका भुगतान या तो एकमुश्त या नो कॉस्ट EMI के रूप में किया जा सकता है। फ्लिपकार्ट, अमेजन और पेटीएम इस तरह की सर्विस ऑफर करती है।

BNPL सर्विस सुविधा या ट्रैप?

BNPL सर्विस सुविधा है या ट्रैप यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप उसका इस्तेमाल किस तरह से करते हैं। BNPL का पूरा फायदा लेने के लिए, फाइनेंशियल डिसिप्लिन जरूरी है, लेकिन कम ही यंग बायर्स के पास इतना फाइनेंशियल डिसिप्लिन होता है।

BNPL की सुविधा होने पर कई लोग आम तौर पर जितना खर्च कर सकते हैं उससे अधिक खरीदारी कर लेते हैं। इसके कारण इनमें से कई बाद में पेमेंट करने में असमर्थ होते हैं और डेट ट्रैप में फंस जाते हैं। ये करीब-करीब क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल जैसा ही है।

अगर ग्राहक BNPL का पेमेंट समय पर नहीं करता तो BNPL कंपनियां इसकी रिपोर्ट क्रेडिट स्कोर एजेंसियों को दे देती है और आपका क्रेडिट स्कोर खराब हो जाता है। इससे अगला लोन मिलने में मुश्किल आ सकती है। टाइम पर पैसा न चुकाने पर पेनल्टी भी लगती है।

अगर सर्विस का इस्तेमाल ठीक तरह से किया जाए तो BNPL खरीदारी को आसान बना देता है। खरीदारी के समय एकमुश्त पेमेंट देने की जरूरत नहीं होती। आप प्रोडक्ट खरीदने के बाद आसानी से इंस्टॉलमेंट में पेमेंट कर सकते हैं। अगर कोई प्रोडक्ट आपको डिस्काउंट में मिल रहा है और उस वक्त आपके पास पैसे नहीं है तो BNPL काम आ सकता है।

बहुत ज्यादा जरूरत होने पर ही लें सुविधा

पर्सनल फाइनेंस एक्सपर्ट और ऑप्टिमा मनी मैनेजर्स के संस्थापक व CEO पंकज मठपाल कहते हैं कि इस तरह के ऑफर्स से कई बार लोग फिजूलखर्च करने लगते हैं। लोग अपनी जेब की क्षमता से ऊपर जाकर खरीदारी करते हैं तो आगे चलकर उनके लिए कर्ज चुका पाना मुश्किल हो जाता है। इसलिए जब तक बहुत जरूरी न हो उधार लेकर खरीदारी करने से बचना चाहिए।

भारत में BNPL मार्केट कितना बड़ा है?

गोल्डमैन सैच के अनुसार, भारतीय ई-कॉमर्स इंडस्ट्री के 2024 तक 99 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। वर्ल्डपे की पिछले साल की ग्लोबल पेमेंट्स रिपोर्ट के अनुसार, BNPL 2024 तक 3% से बढ़कर 9% हो जाएगा।

ऑनलाइन खरीद या ई-कॉमर्स इंडस्ट्री बढ़ेगी तो BNPL भी बढ़ेगा। लेजी पे, सिंपल, जेस्ट मनी, अमेजन पे लेटर, स्लाइस, पेटीएम पोस्टपेड कुछ ऐसी कंपनियां हैं जो भारत में BNPL सर्विसेस देती है।