सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल मेमोरियल अस्पताल एवं हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमएचआरसी) ने अपनी रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ तथा आधुनिक बनाने के लिए भारत सरकार के उपक्रम एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के साथ 10 वर्ष की अवधि का अनुबंध किया है। इस अनुबंध के तहत बीएमएचआरसी में अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन स्थापित की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में तीन नई डिजिटल एक्स-रे मशीनें लगाई जाएंगी।
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत अस्पताल में स्थापित सीटी स्कैन, एमआरआई तथा अन्य रेडियोलॉजी मशीनों का संचालन, रखरखाव और संपूर्ण प्रबंधन एचएलएल द्वारा किया जाएगा। कंपनी द्वारा एक रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त किया जाएगा तथा अन्य तकनीकी स्टाफ भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे एमआरआई और अन्य रेडियोलॉजी जांचों की वेटिंग लिस्ट कम करने में मदद मिलेगी और सभी प्रकार की जांच रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जा सकेगी। आपात स्थिति में भी मरीज की सभी जांचें तो होंगी ही, उन्हें रिपोर्ट भी प्राप्त हो जाएगी। उन्होंने बताया कि आधुनिक मशीनों और बेहतर प्रबंधन से जांच प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी, जिससे उपचार में देरी नहीं होगी और मरीजों को एक ही परिसर में समुचित सुविधा मिल सकेगी।

स्वास्थ्य केंद्रों को भी मिलेगा लाभ : डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि बीएमएचआरसी के स्वास्थ्य केंद्रों में वर्तमान में उपलब्ध एक्स-रे मशीनें काफी पुरानी हो चुकी हैं। अब उन्हें नई डिजिटल मशीनों से प्रतिस्थापित किया जाएगा। इससे स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों को बेहतर गुणवत्ता की जांच स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी और उन्हें अनावश्यक रूप से मुख्य अस्पताल तक नहीं आना पड़ेगा।
#बीएमएचआरसी #रेडियोलॉजी #स्वास्थ्यसेवा #भोपाल #चिकित्सासुविधा #मेडिकलअपडेट