सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (सिंधिया कप) 2026 के अंतर्गत आईसेक्ट समूह की पुरुष क्रिकेट टीम रॉयल निमाड़ ईगल्स के लिए चयन ट्रायल्स का आयोजन स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी, भोपाल परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस ट्रायल में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण प्राप्त हुए, जिनमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ट्रायल्स में भोपाल, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, ग्वालियर, होशंगाबाद और कालापीपल सहित कई क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग और विकेटकीपिंग में अपने कौशल का प्रदर्शन किया। चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों का मूल्यांकन तकनीकी दक्षता, फिटनेस, खेल की समझ और प्रतिस्पर्धी क्षमता जैसे मानकों पर किया गया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और प्रदेश में क्रिकेट प्रतिभाओं की व्यापक संभावनाओं को उजागर किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीडीसीए के सचिव शांति जैन उपस्थित रहे, जबकि मध्य प्रदेश लीग के ऑब्जर्वर हमीदुल्लाह खान ने भी ट्रायल प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस अवसर पर आईसेक्ट विश्वविद्यालय के कार्यकारी उपाध्यक्ष सिद्धार्थ चतुर्वेदी, स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलपति विजय सिंह और रजिस्ट्रार सितेश कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे ट्रायल्स युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रीय स्तर की प्रतिभाओं को पहचान मिलने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के अवसर भी मिलते हैं। उल्लेखनीय है कि आईसेक्ट समूह ने इस वर्ष टीम स्वामित्व के साथ खेल विकास की दिशा में नई पहल की है। रॉयल निमाड़ ईगल्स का उद्देश्य प्रदेश की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का अवसर प्रदान करना है।
#भोपालक्रिकेट #रॉयलनिमाड़ईगल्स #क्रिकेटट्रायल्स #युवाखिलाड़ी #खेलप्रतिभा #चयनप्रक्रिया #क्रिकेटप्रशिक्षण #फिटनेस #खेलआयोजन #क्रिकेट