आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के शास्त्री नगर में आयोजित तीन दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का बुधवार को समापन हुआ। व्यास पीठ पर विराजमान प्राची देवी ने राजा परीक्षित के मोक्ष, भगवान श्री कृष्ण के गौ लोक गमन की कथा के साथ भागवत महापुराण के श्रवण और स्मरण का फल बताया। इस मौके पर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता मेरा परिवार है और मेरे इस परिवार को भविष्य में भी कोई कष्ट न हो, इसलिए इस कथा का आयोजन किया।
उन्होंने जनता से वादा किया कि वे उन्हें कभी किसी प्रकार की तकलीफ होने भी नहीं देंगे। मुझे विश्वास है कि प्रभु की कथा आपका कल्याण करेगी। कथा के बाद महाआरती और भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान का प्रसाद ग्रहण किया। कथा के समापन पर करुणाधाम आश्रम के पीठाधीश्वर सुदेश शांडिल्य, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता सिंह सहित कई अतिथि और क्षेत्र की जनता उपस्थित हुई।