सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आईसीएआई की भोपाल शाखा (सीआईआरसी) द्वारा जीएसटी अपीलीय अधिकरण विषय पर एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सामयिक सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा क्योंकि भोपाल को पहली बार जीएसटी अपीलीय अधिकरण की पीठ प्राप्त हुई है, जिससे मध्यप्रदेश के करदाताओं एवं कर पेशेवरों को बड़ी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम का महत्व इस कारण भी बढ़ गया कि 28 फरवरी 2026 तक पारित प्रथम अपीलीय आदेशों के विरुद्ध जीएसटी अपीलीय अधिकरण में अपील दायर करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 है। इस दृष्टि से सेमिनार में अपील दाखिल करने की प्रक्रिया, व्यावहारिक चुनौतियों तथा जीएसटी मुकदमेबाजी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में न्यायमूर्ति रूपेश चंद्र वर्श्नेय, उपाध्यक्ष, जीएसटी अपीलीय अधिकरण तथा उपेन्द्र सिंह, न्यायिक सदस्य, जीएसटी अपीलीय अधिकरण की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर सीए आदित्य पी. श्रीवास्तव, अध्यक्ष, भोपाल शाखा, आईसीएआई ने कहा कि भोपाल में जीएसटी अपीलीय अधिकरण की स्थापना प्रदेश के करदाताओं एवं कर पेशेवरों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि 30 जून 2026 की अपील दायर करने की समय-सीमा को देखते हुए इस प्रकार के कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं, जिससे सदस्य जीएसटी अपीलीय कार्यवाही की बारीकियों को समझ सकें।

भोपाल शाखा में जीएसटी अपीलीय अधिकरण सेमिनार आयोजित

कार्यक्रम में श्री विनीत कुमार, उप-पंजीयक, जीएसटी अपीलीय अधिकरण एवं अमित कुमार, सहायक पंजीयक, जीएसटी अपीलीय अधिकरण ने अपील दाखिल करने से संबंधित महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं एवं शासन द्वारा प्रदान की गई राहतों की जानकारी दी। प्रसिद्ध जीएसटी विशेषज्ञ सीए अशोक बत्रा ने जीएसटी कानून के नवीनतम विकासों एवं महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों पर अपने विचार साझा किए।

सेमिनार का विशेष आकर्षण मॉक जीएसटी ट्रिब्यूनल रहा, जिसमें सीए संदीप मुखर्जी एवं सीए प्रदीप मुत्रेजा ने वाद के दोनों पक्षों की ओर से प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। इस सत्र ने प्रतिभागियों को जीएसटी अपीलीय अधिकरण में पैरवी की वास्तविक प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया तथा इसे उपस्थित सदस्यों द्वारा अत्यंत सराहा गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन सीए अभिषेक जैन, सचिव, भोपाल शाखा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शाखा के वरिष्ठ सदस्यों एवं पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिनमें सीए सलील जैन, सीए अभिषेक गुप्ता, सीए सुरेश वाधवानी, सीए सौरभ श्रीवास्तव, सीए अमिता वर्श्नेय, सीए नंदन नरूला (कोषाध्यक्ष, भोपाल शाखा) तथा सीए पीयूष चतार (अध्यक्ष, सीकासा, भोपाल) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एसट #करण #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #आईस