सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकालीन तैयारियों को मजबूती देने के उद्देश्य से ‘भीष्म क्यूब्स का उद्घाटन और प्रदर्शन सफलतापूर्वक आयोजित किया। यह कार्यक्रम ट्रॉमा एवं आपातकालीन चिकित्सा विभाग द्वारा एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।


भीष्म क्यूब्स (भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित और मैत्री) स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय की संयुक्त पहल है, जिसे एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेडके सहयोग से तैयार किया गया है। यह एक मोबाइल मॉड्यूलर अस्पताल प्रणाली है जिसे आपदा स्थल पर बेहद कम समय में स्थापित किया जा सकता है, ताकि ‘गोल्डन आवर’ में प्रभावी चिकित्सा सेवा दी जा सके।

कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में अजय सिंह, और विशिष्ट अतिथि तरुण राठी (स्वास्थ्य आयुक्त), प्रभाकर तिवारी (संयुक्त निदेशक, एनएचएम), और सुधीर द्विवेदी (उप निदेशक, डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट) उपस्थित रहे। एयर वाइस मार्शल (सेवानिवृत्त) तनमय रॉय और उनकी टीम ने भीष्म क्यूब्स की क्षमताओं का लाइव प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘कोड इमरजेंसी’ नामक मोबाइल ऐप का लाइव डेमो भी दिया गया, जो आम नागरिकों के लिए भी सीपीआर जैसी जीवनरक्षक तकनीकों को आसान बनाता है। प्रो. सिंह ने मॉक ड्रिल्स की महत्ता पर बल देते हुए कहा, “हमारी तैयारी ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

#एम्सभोपाल #भीष्मक्यूब्स #स्वास्थ्यआपातकाल #मोबाइलअस्पताल #आपदाप्रबंधन #गोल्डनआवर #स्वास्थ्यप्रौद्योगिकी