आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में एक सरकारी कर्मचारी से ATM बदलकर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाज ने सबसे पहले कार्ड से 14 हजार रुपए निकाले। फिर ज्वेलरी शॉप पर 60 हजार रुपए की डायमंड रिंग खरीदकर फरार हो गए। पुलिस को ज्वेलरी शॉप से 2 जालसाजों के फुटेज मिले हैं। हुलिया के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। फरियादी की ओर से इस मामले में साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायती आवेदन दिया है।

मनसूर खान पुत्र दिलावर खान (51) ने बताया कि मैं सौरभ अपार्टमेंट बागदिलकुशा रहता हूं। मत्स्य विभाग में सहायक वर्ग 3 कर्मचारी हूं। 8 अक्टूबर की सुबह 9:50 बजे ऐशबाग के एक एटीएम पर गया था। वहां पहले से छात्र की तरह दिखने वाला लड़का था। उसके हाथ में एक बुक थी। जबकि उसका एक साथी बूथ के बाहर खड़ा था। मैंने 5 हजार रुपए निकाले। इस बीच मुझे एक कॉल आ गया। मैं बात करते हुए बाहर चला गया, तभी उस लड़के ने एटीएम बदल दिया। मैं वापस गया, और बूथ से घर चला गया।

पहली बार में निकाले थे 14 हजार रुपए

मनसूर खान ने बताया कि शनिवार को मैं कार की सर्विस कराने निकला था, तभी कुछ समय बाद 14 हजार रुपए अकाउंट से कटने का मैसेज आया। मैने बैंक की गलती समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे मेरे पास एक और मैसेज आया। जिसमें पता चला कि मेरे कार्ड को स्वेप कर 60 हजार रुपए की शापिंग की गई है। इसके बाद मैं सोमवार को बैंक पहुंचा और एटीएम ब्लॉक कराया।

बैंक स्टेटमेंट में आया ज्वेलरी शॉप का नाम

इसके बाद मनसूर खान ने बैंक से स्टेटमेंट निकाला। पता लगा चला कि ब्लू डायमंड स्टोन ज्वेलरी शॉप रोशनपुरा से एटीएम से 60 हजार रुपए की शॉपिंग की है। इसके बाद साइबर क्राइम ब्रांच पहुंचकर मामले की शिकायत की गई। पुलिस ने दुकान के फुटेज चेक किए तो दो युवक कार्ड स्वेप कर शॉपिंग करते हुए नजर आए।

दुकानदार ने पुलिस को यह बताया

ज्वेलरी शॉप के कर्मचारियों ने पुलिस को जानकारी दी कि दुकान के खुलने से पहले ही सुबह करीब 10:30 बजे से आरोपी बाहर मौजूद थे। उनके सामने ही दुकान को खोला गया। इसके बाद उन्होंने साठ हजार कीमत की डायमंड रिंग खरीदी। जालसाजों ने बताया था कि शहर के बाहर के रहने वाले हैं, 12 बजे उनकी ट्रेन है। लिहाजा जल्दी में खरीदारी करने आए हैं। दोनों युवकों की उम्र 22-24 साल के बीच रही होगी।