सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक द्वारा रानी कमलापति स्टेशन एवं नवनिर्मित मंडल नियंत्रण कार्यालय का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छता, स्टेशन विकास कार्यों तथा मेट्रो कनेक्टिविटी का जायजा लिया। रजक ने प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, एस्केलेटर, लिफ्ट, पेयजल व्यवस्था, यात्री सूचना प्रणाली, शौचालय और पार्किंग क्षेत्र सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया। स्टेशन की साफ-सफाई को देखते हुए उन्होंने सफाई कर्मचारियों की सराहना की। साथ ही मेट्रो स्टेशन से प्लेटफॉर्म की कनेक्टिविटी का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को इसे और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात रजक ने मंडल कार्यालय स्थित नवनिर्मित नियंत्रण कार्यालय का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने विभिन्न रेल खंडों के संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वाणिज्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्री सुविधाओं, मालभाड़ा और अन्य परिचालन विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

#रानी_कमलापति_स्टेशन #भोपाल #रेलवे #निरीक्षण #सुविधाएं #सुरक्षा #प्रशासन #इंडिया