आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आईफोन 15 सीरीज के फोन आज यानी 22 सिंतबर से मिलने शुरू हो गए हैं। भारत में एपल के दिल्ली और मुंबई के दोनों ऑफिशियल स्टोर सुबह 8 बजे से खुल गए हैं। आम तौर पर यह 11 बजे खुलते हैं। स्टोर के बाहर कस्टमर्स की लाइन लगी है।
मुंबई के BKC स्टोर पर एक कस्टमर ने बताया कि वह कल दोपहर 3 बजे से लाइन में लगा हुआ था। न्यूज एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने कहा,’मैं भारत के पहले एपल स्टोर से पहला आइफोन लेने के लिए 17 घंटे से लाइन में लगा हुआ हूं। मैं अहमदाबाद से आया हूं…’
ऐसा पहली बार है कि डिलीवरी के पहले दिन से ही मेड इन इंडिया आईफोन मिल रहे हैं। वैसे तो भारत में साल 2016 से ही आईफोन बन रहे हैं, लेकिन इनकी मैन्युफैक्चरिंग लॉन्चिंग के बाद शुरू होती थी। इस बार लॉन्चिंग से पहले ही इसका प्रोडक्शन शुरू हो गया था।
12 सितंबर को लॉन्च हुई थी आईफोन 15 सीरीज
कैलिफोर्निया की टेक कंपनी एपल ने 12 सितंबर को अपने वंडरलस्ट इवेंट में 79,990 रुपए की शुरुआती कीमत में आईफोन 15 सीरीज को लॉन्च किया था। कंपनी ने वॉच सीरीज 9 और वॉच अल्ट्रा 2 भी पेश की है। एपल ने पहली बार चार्जिंग के लिए टाइप-C पोर्ट दिया है।
टाइटेनियम की बॉडी
इस बार आईफोन-15 में 48 मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है। आईफोन-15 और 15 प्लस में A16 बायोनिक चिप दी गई है। वहीं आईफोन-15 प्रो और प्रो मैक्स में A17 प्रो चिप मिलेगी। प्रो मॉडल्स की बॉडी में टाइटेनियम का इस्तेमाल किया गया है।