सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल से लोकसभा सांसद आलोक शर्मा ने आज भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमएचआरसी) का दौरा किया। उन्होंने सर्वप्रथम अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी का लोकार्पण किया। नेत्र बैंक का अवलोकन किया और बीएमएचआरसी के चिकित्सकों व अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक मनीषा श्रीवास्तव, वरिष्ठ चिकित्सक, अधिकारीगण और कर्मचारी उपस्थित रहे।


बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक मनीषा श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल में आने वाले गैर गैस पीड़ित मरीजों को रियायती दरों पर दवाएं उपलब्ध कराने के लिए अमृत फार्मेसी को प्रारंभ किया गया है। अमृत फार्मेसी, भारत सरकार की एक प्रमुख स्वास्थ्य सुविधा पहल है, जिसके माध्यम से आम जनता को जीवनरक्षक और अन्य आवश्यक दवाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाती हैं। इस फार्मेसी में मरीजों को बाज़ार मूल्य से 60 प्रतिशत तक सस्ती दरों पर दवाएं, सर्जिकल उत्पाद आदि उपलब्ध होंगे। इससे बीपीएल और सामान्य वर्ग के रोगियों को स्वास्थ्य व्यय में भारी राहत मिलेगी। साथ ही आपात स्थिति में अस्पताल की दवाओं, सर्जिकल कंज्यूमेबल्स आदि की क्रय प्रक्रिया भी आसान हो जाएगी।


इस अवसर पर श्री आलोक शर्मा ने बीएमएचआरसी के नेत्र बैंक (आई बैंक) का अवलोकन किया, जहां उन्होंने कॉर्निया प्रत्यारोपण की प्रक्रिया की जानकारी ली। अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों से सीधे संवाद किया और यहां दी जा रही सेवाओं पर संतोष जताया। उन्होंने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि अस्पताल में दूर—दराज के लोग भी इलाज कराने आ रहे हैं। इसके बाद उन्होंने डॉ मनीषा श्रीवास्तव एवं बीएमएचआरसी के वरिष्ठ चिकित्सकों और अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें संस्थान के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई।

#भोपाल #आलोकशर्मा #बीएमएचआरसी #अमृतफार्मेसी #नेत्रबैंक #स्वास्थ्यसेवा