आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल-हमास जंग के बीच यरुशलम स्थित अल-अक्सा मस्जिद के पास गधे का सिर लटका मिला। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक इस मामले में इजराइली सेना ने एक इजराइली शख्स को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, 27 दिसंबर को यरुशलम में रह रहे एक इजराइली नागरिक ने अल-अक्सा मस्जिद के पास बने कब्रिस्तान में घुसकर तोड़फोड़ की थी। इसके बाद कब्रिस्तान की फेंसिंग पर गधे का सिर लटका दिया था।

टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक इजराइली सेना ने गुरुवार को कहा- हमने 35 साल के एक इजराइल नागरिक को इस मामले में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक कुल्हाड़ी थी। वो मानसिक रूप से ठीक नहीं है। हमने एक और संदिग्ध शख्स को हिरासत में लिया है। यह संदिग्ध आरोपी के कब्रिस्तान तक लेकर गया था।

इजराइल पर आरोप-फिलिस्तीनी बच्चों को निर्वस्त्र कर हिरासत में लिया

गाजा में इजराइली डिफेंस फोर्स IDF ने फिलिस्तीनी पुरुषों और 2 बच्चों को निर्वस्त्र करके हिरासत में लिया। अमेरिकी मीडिया CNN ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के हवाले से ये जानकारी दी।

वीडियो में एक फुटबॉल स्टेडियम में फिलिस्तीनी हाथ पीछे बांधे, आधे कपड़ों में बैठे नजर आ रहे हैं। इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। कुछ लोगों की आंखों पर पट्टी भी बंधी हुई है। वीडियो के कुछ हिस्सों में इन लोगों के हाथ सिर के ऊपर हैं और इजराइली सैनिक इन्हें ले जाते दिख रहे हैं।

फिलिस्तीनी महिलाएं भी हिरासत में, स्टेडियम में लगा इजराइली झंडा

CNN के मुताबिक, ये वीडियो गाजा के यारमोउक स्टेडियम का है। यहां एक NGO यूरो-मेडिटेरेनियन ह्यूमन राइट्स मॉनिटर को लोगों के हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिली है। वीडियो के कुछ हिस्से में महिलाएं भी हिरासत में नजर आ रही हैं। फिलिस्तीनी महिलाएं पूरे कपड़ों में हैं और उनकी आंखों पर पट्टी है। स्टेडियम में इजराइली झंडा भी लगा हुआ है।

मामले की पुष्टि करने के लिए CNN ने इजराइली सेना से भी संपर्क किया। हालांकि फिलहाल उन्होंने इस मामले में कोई बयान नहीं दिया है। इससे पहले भी फिलिस्तीनियों के कपड़े उतरवाकर उन्हें हिरासत में लेने का मामला सामने आया था। तब IDF ने कहा था कि उन्होंने कपड़े उतरवाए थे ताकि इस बात की पुष्टि की जा सके कि उन लोगों के पास हथियार या विस्फोटक नहीं हैं।

गाजा में सीजफायर के लिए मिस्र-कतर में बातचीत

इजराइल और हमास के बीच 7 अक्टूबर से जंग जारी है। नवंबर में सात दिन का सीजफायर हुआ था। इसके बाद जंग और तेज हो गई। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक- अब एक बार फिर इजिप्ट और कतर सीजफायर के लिए बैकडोर डिप्लोमैसी का सहारा ले रहे हैं।

दूसरी तरफ, गाजा में मरने वालों की तादाद बुधवार को 20 हजार का आंकड़ा पार कर गई। अल-जजीरा और न्यूयॉर्क टाइम्स ने इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन्स के हवाले से यह आंकड़ा जारी किया है।