सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल ने अपने कार्यपालक निदेशक प्रोअजय सिंह के नेतृत्व में त्वचा रोगों के सटीक और अनुकूलित इलाज के लिए “ट्रांसलेशनल डर्मेटोलॉजी इनिशिएटिव” की शुरुआत की है। यह पहल क्लीनिकल विज्ञान, प्रयोगशाला अनुसंधान और डिजिटल तकनीकों को एकीकृत कर भारत में त्वचा देखभाल के क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ रही है। सोरायसिस, एक्ज़िमा, विटिलिगो और दुर्लभ आनुवंशिक बीमारियों जैसी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को अब उनकी जैविक और आनुवंशिक विशेषताओं के अनुसार व्यक्तिगत उपचार प्राप्त हो सकेगा। इस पहल के तहत त्वचा रोग, ट्रांसलेशनल मेडिसिन, जैव रसायन, प्रिसिशन मेडिसिन और इनोवेशन सेंटर जैसे विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।
प्रमुख छह फोकस क्षेत्रों में आनुवंशिक त्वचा रोग, सूजनजन्य रोग, इम्यूनोडर्मेटोलॉजी, एआई-आधारित इमेजिंग, त्वचा कैंसर और बायोबैंकिंग शामिल हैं। बाल त्वचा रोगों के लिए विशेष क्लिनिक भी प्रारंभ की गई है, जो हर शुक्रवार दोपहर 2 से 4 बजे तक संचालित होगी।
यह पहल न केवल रोगियों के लिए उपयोगी है, बल्कि नीति-निर्माण, सार्वजनिक स्वास्थ्य जागरूकता और चिकित्सा प्रशिक्षण के लिए भी महत्त्वपूर्ण साबित होगी। प्रो. सिंह ने इसे विज्ञान-आधारित रोगी देखभाल की दिशा में एम्स भोपाल की प्रतिबद्धता बताया।
यह नवाचार भारत में त्वचा रोग चिकित्सा को वैश्विक मानकों तक पहुँचाने की दिशा में एक मील का पत्थर है।
#एम्सभोपाल #त्वचारोग #ट्रांसलेशनलडर्मेटोलॉजी #स्वास्थ्यनवाचार #सटीकइलाज