सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल ; एम्स भोपाल, कार्यपालक निदेशक अजय सिंह के नेतृत्व में जनस्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा को सशक्त बनाने हेतु निरंतर सक्रिय है। इसी क्रम में चिकित्सा उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


इंदौर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज के फार्माकोलॉजी विभाग द्वारा “उपकरणों की निगरानी के माध्यम से मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना” विषय पर एक सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई)कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एम्स भोपाल स्थित मेटेरियोविजिलेंस क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। केंद्र की समन्वयक प्रो. शिल्पा कौर ने “एमडीएई रिपोर्टिंग” पर एक इंटरैक्टिव सत्र का संचालन किया, जिसमें केस स्टडीज़, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म की जानकारी साझा की गई।
इस प्रशिक्षण में डॉक्टरों, पीजी छात्रों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मेसी विशेषज्ञों और बायोमेडिकल इंजीनियर्स सहित विभिन्न स्वास्थ्य पेशेवरों ने भाग लिया। सत्र में चिकित्सा उपकरणों से जुड़ी प्रतिकूल घटनाओं की पहचान, कारण विश्लेषण और नियामक प्रक्रियाओं पर विशेष फोकस रहा।
प्रो. अजय सिंह ने कहा, “मरीजों की सुरक्षा में चिकित्सा उपकरणों की विश्वसनीयता अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को नई ऊंचाई प्रदान करते हैं।”
यह पहल स्वास्थ्य मंत्रालय की राष्ट्रीय रणनीति को सहयोग देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

#एम्स_भोपाल #चिकित्सा_उपकरण #सुरक्षा_अभियान #स्वास्थ्य_जागरूकता #रिपोर्टिंग_प्रशिक्षण