सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल ने डिजिटल इंडिया मिशन और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत एक बड़ी पहल करते हुए ‘एम्स भोपाल स्वास्थ्य ऐप’ के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा को पूरी तरह मरीज-केंद्रित और डिजिटल रूप से सशक्त बना दिया है। प्रो. अजय सिंह के नेतृत्व में संस्थान ने डिजिटल नवाचार को स्वास्थ्य प्रणाली में सफलतापूर्वक लागू किया है।
यह मोबाइल ऐप मरीजों और अस्पताल के बीच एक सहज डिजिटल सेतु के रूप में कार्य करता है। इससे मरीज बिना कतार में लगे ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं, लैब रिपोर्ट देख सकते हैं, डॉक्टर की उपलब्धता और ओपीडी शेड्यूल जान सकते हैं। साथ ही, वे डिजिटल प्रिस्क्रिप्शन भी ऐप में देख सकते हैं।
एम्स भोपाल ने इस परिवर्तन के लिए एक समर्पित डिजिटल हेल्थ टीम बनाई है, जो मरीजों को ऐप के उपयोग के लिए प्रशिक्षित करती है। अस्पताल परिसर में आभा आईडी आधारित काउंटर, स्कैन-एंड-शेयर सुविधा और डिजिटल रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी की गई है।
अब तक 1.7 लाख से अधिक आभा आईडी बनाए गए हैं, 5.45 लाख आईडी लिंक की गई हैं, और 3.32 लाख से अधिक अपॉइंटमेंट इस ऐप के माध्यम से बुक किए गए हैं।
प्रो. अजय सिंह ने कहा, “हमारा उद्देश्य एक ऐसा पारदर्शी, कुशल और जवाबदेह स्वास्थ्य तंत्र बनाना है जो डिजिटल इंडिया की दृष्टि को साकार करे।” यह ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

#एम्सभोपाल, #डिजिटलस्वास्थ्य, #स्वास्थ्यऐप, #आभाID, #डिजिटलइंडिया, #ABDM