सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ने शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण के क्षेत्र में अपनी उच्चतम गुणवत्ता के बल पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। एम्स भोपाल को ‘शैक्षणिक उत्कृष्टता’ श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जिसमें केवल एम्स दिल्ली और सीएमसी वेल्लोर ही इससे ऊपर हैं। यह सफलता कार्यपालक निदेशक अजय सिंह के दूरदर्शी शैक्षणिक नेतृत्व का प्रमाण है।
इसके अलावा ‘इमर्जिंग मेडिकल कॉलेजेज़’ की श्रेणी में भी एम्स भोपाल को तीसरा स्थान मिला है, जो इसकी राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है। ‘इन्फ्रास्ट्रक्चर और लिविंग एक्सपीरियंस’ श्रेणी में एम्स भोपाल को देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जहां सिर्फ एम्स दिल्ली ही आगे है।
इंडिया टुडे बेस्ट मेडिकल कॉलेज सर्वे 2025 में एम्स भोपाल ने कुल 14वां स्थान हासिल किया है। यह संस्थान की निरंतर प्रगति को दर्शाता है—2023 में 20वां, 2024 में 16वां और अब 2025 में 14वां स्थान। इस उपलब्धि पर प्रो. अजय सिंह ने कहा, “यह उपलब्धि हमारी प्रतिबद्धता का परिणाम है कि हम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मरीज केंद्रित केयर और प्रभावी अनुसंधान को प्राथमिकता दे रहे हैं।”
एम्स भोपाल चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर अग्रसर है, और भविष्य के स्वास्थ्य पेशेवरों को तैयार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

#एम्स_भोपाल #शैक्षणिक_उत्कृष्टता #चिकित्सा_शिक्षा #राष्ट्रीय_रैंकिंग #स्वास्थ्य_सेवा