सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल ने कार्यपालक निदेशक अजय सिंह के मार्गदर्शन में दिव्यांगजनों और विशेष आवश्यकताओं वाले व्यक्तियों के लिए संस्थान को पूर्णतः सुलभ और समावेशी बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है। 7 नवम्बर 2023 को ‘दोस्त अभियान’ (दोस्त – दिव्यांगजन उन्मुख संरचनात्मक परिवर्तन ) का शुभारंभ किया गया। यह अभियान भारत सरकार के “सुगम्य भारत अभियान” की भावना के अनुरूप है और अब एम्स भोपाल की प्रमुख पहल बन गया है।

अभियान के अंतर्गत अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, हॉस्टल्स सहित पूरे परिसर में पांच चरणों में ढांचागत परिवर्तन किए जा रहे हैं। पहले चरण में चिन्हित शौचालयों को दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाया गया, दूसरे चरण में रैम्प और ग्रैब बार स्थापित किए गए। अब यह अभियान अपने तीसरे चरण में प्रवेश कर चुका है, जिसमें दिशात्मक संकेत, पार्किंग चिन्ह और ग्राउंड मार्किंग्स का कार्य होगा।
अब तक के कार्यों में वार्ड, लेक्चर थिएटर, नर्सिंग और मेडिकल कॉलेज बिल्डिंग, ट्रांजिट और गर्ल्स हॉस्टल में रैम्प और सुलभ शौचालयों का निर्माण किया गया है। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग मानकों के अनुसार किए गए इन परिवर्तनों से व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं को अब बिना किसी बाधा के आवागमन में सुविधा मिल रही है।
प्रो. अजय सिंह ने कहा, “दोस्त अभियान केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि समावेशिता, करुणा और गरिमा के हमारे मूल्यों का प्रतीक है।”
यह पहल न केवल दिव्यांगजनों की सुविधा बढ़ा रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता और सम्मान का अनुभव भी करा रही है।
#एम्सभोपाल #दोस्तअभियान #दिव्यांगजन #आत्मनिर्भरता #समावेशन #मानवगरिमा