सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल शिक्षा, अनुसंधान और जनसेवा के समन्वय से जनस्वास्थ्य को सशक्त बनाने हेतु सतत प्रयासरत है। इसी दिशा में बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग द्वारा 12 जुलाई 2025 को “ब्रैकियल प्लेक्सस इंजरी” विषय पर एक दिवसीय सतत चिकित्सकीय शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम और विभागीय स्थापना दिवस का आयोजन किया जा रहा है।
इस शैक्षणिक आयोजन का उद्देश्य चिकित्सकों को ब्रैकियल प्लेक्सस इंजरी जैसी जटिल तंत्रिकीय स्थिति के नवीनतम निदान, उपचार और पुनर्वास तकनीकों से अवगत कराना है। कार्यक्रम में ब्रैकियल प्लेक्सस की शारीरिक रचना, क्लिनिकल मूल्यांकन, रेडियोलॉजिकल एवं इलेक्ट्रोडायग्नोस्टिक परीक्षण, नस स्थानांतरण, मांसपेशी ट्रांसफर, दर्द प्रबंधन और पुनर्वास पद्धतियों पर विशेषज्ञ व्याख्यान होंगे।
इस कार्यक्रम में देशभर के चिकित्सा संस्थानों से विशेषज्ञों की सहभागिता संभावित है। वक्ताओं में प्रो. मुकुंद थत्ते (बॉम्बे हॉस्पिटल), पवन अग्रवाल (एनएससीबीएमसी, जबलपुर), विशाल मागो (एम्स ऋषिकेश), डॉ. सत्यस्वरूप त्रिपाठी (पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़), अरुण भटनागर व राजा तिवारी (एम्स दिल्ली) जैसे विशेषज्ञ शामिल होंगे।
पीजी छात्रों के लिए ई-पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा, जिसमें सर्वश्रेष्ठ तीन प्रस्तुतियों को पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन की अध्यक्षता मनाल मोहम्मद खान करेंगे। कार्यपालक निदेशक अजय सिंह ने इस पहल को चिकित्सा समुदाय के लिए ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताया है।
#एम्स_भोपाल #ब्रैकियल_प्लेक्सस #सीएमई_आयोजन #स्वास्थ्य_शिक्षा #मेडिकल_इवेंट #आयुर्विज्ञान