आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: आज यानी मंगलवार (26 सितंबर) को सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, आज सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने के दाम 207 रुपए गिरकर 58,922 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गए हैं। वहीं 18 कैरेट सोने की कीमत 44,192 रुपए रह गई है।
चांदी में डेढ़ हजार से ज्यादा की गिरावट
IBJA की वेबसाइट के अनुसार आज चांदी की कीमत में डेढ़ हजार से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है। ये 1,651 रुपए फिसलकर 71,364 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है। इससे पहले सोमवार को ये 73,015 रुपए पर थी।
डॉलर में मजबूती के कारण सोने में गिरावट
डॉलर और सोने की कीमत में उल्टा संबंध है। जब डॉलर मजबूत होता है तब सोने की कीमतों में गिरावट आने लगती है। दूसरी तरफ डॉलर कमजोर होने पर सोना महंगा होने लगता है। अभी डॉलर इंडेक्स 105.70 पर पहुंच गया है। ये इसका 10 महीने का हाई है, इसी कारण अभी सोने में कमजोरी है। इसके अवाला 1 डॉलर की कीमत भी 83.21 रुपए पहुंच गई है।
दिवाली तक 62 हजार तक जा सकता है सोना
एक्सपर्ट्स के अनुसार त्योहारों में सोने-चांदी की बीच मांग बढ़ेगी। इसके चलते दिवाली तक सोना 62,000 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 78-80 हजार रुपए प्रति किलो तक जा सकती है। 2023 के अंत तक सोना 65,000 रुपए का और चांदी 90,000 रुपए तक पहुंचने की संभावना है।
गोल्ड ETF में अगस्त में आया रिकॉर्ड निवेश
गोल्ड ETF (गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड) में बीते महीने यानी अगस्त में 1,028 करोड़ रुपए का निवेश हुआ। ये गोल्ड ETF में 16 महीनों का रिकॉर्ड निवेश है। इससे पहले अप्रैल 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण इसमें 1,100 करोड़ रुपए का निवेश हुआ था। इस साल अमेरिका में ब्याज दरें लगातार बढ़ने से रिस्क बढ़ने के चलते गोल्ड ETF में निवेश बढ़ा है।
म्यूचुअल फंड कंपनियों के संगठन एम्फी के आंकड़ों के मुताबिक, गोल्ड ETF में 2023 में अब तक 73.40% निवेश सिर्फ अगस्त में आया। इस साल में अगस्त तक इसमें कुल 1,400 करोड़ रुपए का निवेश हुआ है। जुलाई में गोल्ड ETF में 456 करोड़ रुपए आए थे।