सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कइंटीग्रेटेड ट्रेडन्यूज़ भोपाल: सोने-चांदी के दामों में आज यानी, 18 जनवरी को गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम सोना 295 रुपए सस्ता होकर 61,982 रुपए पर आ गया है। वहीं 18 कैरेट सोने का भाव 46,487 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है।

चांदी में भी आज मामूली गिरावट देखने को मिली है। ये 116 रुपए सस्ती होकर 71,075 रुपए प्रति किलो ग्राम पर आ गई है। इससे पहले ये 71,191 रुपए पर थी। बीते महीने 4 दिसंबर को चांदी 77 हजार के पार पहुंच गई थी।

जनवरी में अब तक सोने में रही है गिरावट

जनवरी में अब तक सोने-चांदी के दामों में गिरावट देखने को मिली है। महीने की शुरुआत यानी 1 जनवरी को सोना 63,302 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, जो अब 61,982 रुपए पर आ गया है। यानी इस महीने अब तक इसकी कीमत में 1,320 रुपए प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है। वहीं चांदी भी 73,624​ रुपए प्रति किलोग्राम से गिरकर ​​​​​​71,075 रुपए पर आ गई है।

हमेशा सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें

अगर आप सोना खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो इस बात का ध्यान रखें कि वो ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही हो। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होता है।

इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।