आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज यानी 15 जनवरी को मकर सक्रांति पर सोने-चांदी के दामों में तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम सोना 208 रुपए महंगा होकर 62,723 रुपए पर पहुंच गया है।
चांदी में भी आज तेजी देखने को मिली है। ये 616 रुपए महंगी होकर 72,146 रुपए प्रति किलो ग्राम पर पहुंच गई है। इससे पहले ये 71,530 रुपए पर थी। बीते महीने 4 दिसंबर को चांदी 77 हजार के पार पहुंच गई थी।
2023 में 8 हजार रुपए से ज्यादा महंगा हुआ सोना
साल 2023 की शुरुआत में सोना 54,867 रुपए प्रति ग्राम पर था, जो 31 दिसंबर को 63,246 रुपए प्रति ग्राम पर पहुंच गया था। यानी साल 2023 में इसकी कीमत में 8,379 रुपए (16%) की तेजी आई। वहीं चांदी भी 68,092 रुपए से बढ़कर 73,395 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
70 हजार तक जा सकता है सोना
एक्स्पर्ट्स के अनुसार, 2024 में भी सोने की कीमत में तेजी देखने को मिल सकती है। इसके चलते इस साल सोना 70 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। वहीं अगर चांदी की बात करें तो ये 85 हजार रुपए प्रति किलो तक जा सकती है।
हमेशा सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
अगर आप सोना खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो इस बात का ध्यान रखें कि वो ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही हो। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होता है।
इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।