आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हमे खेल को एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटी की बजाय मुख्य सब्जेक्ट की तरह ही महत्व देने की आवश्यकता है तभी हम अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन को बेहतर कर पाएंगे। खिलाड़ियों को भी खेलों को किसी डिग्री प्रोग्राम की तरह सीरियस होकर उसमें मेहनत करनी चाहिए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करना चाहिए। क्योंकि जिस प्रकार पढ़ाई कर आप अच्छे पद पर पहुंचते है, उसी प्रकार खेलों में हम अच्छे प्रदर्शन के जरिए भी उच्च पद पर पहुंच सकते हैं। पिछले वर्ष होशंगाबाद के ओलंपिक पदक विजेता टीम के सदस्य विवेक सागर को डीएसपी के पद पर नामंकित किया गया है। यह उद्गार रहे सचिव म.प्र. शासन खेल और युवा कल्याण विभाग, सचिव एवं आयुक्त सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के सचिव से पी नरहरि के। वे रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित किए गए आरएनटीयू स्पोर्ट्स अचीवर्स अवार्ड 2023 सेरेमनी में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे। इस अवसर पर आरएनटीयू के खिलाड़ियों की स्पोर्ट्स अचीवर्स अवार्ड एवं रायसेन के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में विभिन्न खेल के प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। आगे उन्होंने अपने वक्तव्य में आरएनटीयू की खेलो इंडिया सूनिवर्सिटी गेम्स की मेजबानी करने की मंशा की सराहना की और कहा कि प्रदेश के स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों को इसी सोच और उद्देश्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही उन्होंने उद्योग जगत को सीएसआर एक्टिविटी, स्पॉन्सरशिप एवं अन्य सहयोग के जरिए खेलों को प्रोत्साहित करने की बात कही। इस दौरान कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे, स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सिद्धार्थ चतुर्वेदी, पूर्व ओलंपियन एवं हॉकी खिलाड़ी समीर दाद, भारतीय खेल प्राधिकरण भोपाल के हाई परफॉरमेंस कोच एवं अर्जुन अवार्डी यशपाल सोलंकी, आरएनटीयू के रजिस्ट्रार विजय सिंह, चीफ कोच एवं तकनीकी सलाहकार राज्य महिला हाकी ग्वालियर परमजीत सिंह, रायसेन के जिला खेल अधिकारी जलज चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने स्वागत वक्तव्य देते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया एवं रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों के हित एवं खेलों के प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने कहा कि हम खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स आयोजित करने के उद्देश्य के साथ विश्वविद्यालय में इंफ्रा को तैयार कर रहे हैं।
वहीं, रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे ने जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला एवं कहा कि विश्वविद्यालय में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं भविष्य में प्रतिभाओं को प्रदान की जाने वाली सम्मान राशि में बढोतरी की जावेगी।