आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी बुधवार, 4 अक्टूबर को बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 65,000 के नीचे कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में भी 150 अंक से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है। ये भी 19,350 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में गिरावट और सिर्फ 4 में तेजी देखने को मिल रही है।
इंटीग्रेटेड फैसिलिटी मैनेजमेंट सर्विसेज देने वाली कंपनी अपडेटर सर्विसेज की शेयर बाजार में कमजोर लिस्टिंग हुई है। कंपनी का शेयर NSE 5% डिस्काउंट के साथ 285 रुपए पर लिस्ट हुआ है, जबकि BSE पर ये 0.03% डिस्काउंट के साथ 299.90 रुपए पर लिस्ट हुआ है। इसका इश्यू प्राइस 300 रुपए था। 400 करोड़ रुपए का ये IPO अपने अंतिम दिन 2.90 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
RBI मॉनेटरी पॉलिसी की मीटिंग आज से
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की मीटिंग आज से शुरू होगी। 6 अक्टूबर को इस मीटिंग के नतीजों की घोषणा होगी। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि RBI लगातार चौथी बार ब्याज दरों को जस का तस रख सकता है। RBI ने फरवरी 2023 में रेपो रेट बढ़ाकर 6.5% की थी। तब से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।
कच्चे तेल के दाम में तेजी
आज OPEC+ की बैठक से पहले कच्चा तेल संभला है, बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2% की मजबूती के साथ 91 डॉलर प्रति बैरल के आस-पास कारोबार कर रहा है। WTI क्रूड में भी हल्का सुधार है, हालांकि ये अब भी 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे ही बना हुआ है।
FY24 में भारत की GDP ग्रोथ 6.3% रहने की उम्मीद
वर्ल्ड बैंक ने ग्लोबल चिंताओं के बीच 2023-24 के लिए भारत का ग्रॉस डोमेस्टिक प्रोडक्ट यानी GDP ग्रोथ अनुमान 6.3% बरकरार रखा है। इससे पहले 4 अप्रैल को वर्ल्ड बैंक ने अपनी रिपोर्ट जारी की थी जिसमें ग्रोथ अनुमान को 6.6% से घटाकर 6.3% किया गया था। स्लोअर कंजंप्शन ग्रोथ और चैलेंजिंग एक्सटर्नल कंडीशन को इसका कारण बताया गया था।
कल बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले कल यानी मंगलवार को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 316 अंक गिरकर 65,512 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 109 अंक की गिरावट रही। ये 19,528 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में गिरावट और 12 में तेजी देखने को मिली थी।