आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सोने-चांदी के दामों में आज यानी, 18 दिसंबर को गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम सोना 495 रुपए सस्ता होकर 61,872 रुपए पर आ गया है। इस महीने की शुरुआत में इसका भाव 63,805 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था।
वहीं चांदी में भी आज गिरावट देखने को मिली। ये 599 रुपए सस्ती होकर 73,674 रुपए प्रति किलो ग्राम पर आ गई है। इससे पहले ये 74,273 रुपए पर थी। इस महीने 4 दिसंबर को चांदी 77 हजार के पार पहुंच गई थी। इसके बाद इसमें गिरावट देखने को मिली है।
2023 में अब तक सोने ने दिया 13% का रिटर्न
साल 2023 की शुरुआत में सोना 54,867 रुपए प्रति ग्राम पर था जो अब 61,595 प्रति ग्राम पर है। यानी इस साल अब तक इसकी कीमत में 7,005 रुपए (13%) की तेजी आई है। वहीं चांदी भी 68,092 रुपए से बढ़कर 73,674 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश का मौका
सरकार फिर एक बार सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने का मौका दे रही है। बॉन्ड की नई सीरीज आज सोमवार (18 दिसंबर) से खुल गई है। इसमें 22 दिसंबर तक निवेश का मौका मिलेगा। इस बार सरकार ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के लिए 6,199 रुपए प्रति ग्राम का भाव तय किया है।
ऑनलाइन अप्लाय करने और डिजिटल पेमेंट करने पर प्रति ग्राम 50 रुपए का डिस्काउंट मिलेगा। यानी आपको 1 ग्राम सोने के लिए 6,149 रुपए देने होंगे।