आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : साल 2019 से बंद पड़ी एयरलाइन जेट एयरवेज अगले साल यानी 2024 से शुरू हो सकती है। जालान कालरॉक कंसोर्टियम (JKC) ने शुक्रवार 29 सितंबर को बताया कि उसने एयरलाइन के रिवाइवल के लिए 100 करोड़ रुपए का अतिरिक्त निवेश पूरा कर लिया है।

इस निवेश के साथ, JKC ने एयरलाइन का कंट्रोल लेने के लिए कोर्ट की ओर से अप्रूव किए गए 350 करोड़ रुपए के फाइनेंशियल कमिटमेंट को पूरा कर दिया है। JKC ने कहा कि वो 2024 तक एयरलाइन शुरू करना चाहती है। लॉन्च डेट की घोषणा आने वाले हफ्तों में होगी।

नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (NCLAT) ने 28 अगस्त को जालान कालरॉक कंसोर्टियम को अपने ऋणदाताओं को 350 करोड़ रुपए का पेमेंट करने के लिए अतिरिक्त समय दिया था। जेकेसी को पूरा पेमेंट 30 सितंबर तक करना था। 4 अक्टूबर को इस मामले की सुनवाई होगी।

जालान​​​-​कालरॉक ने 2021 में बोली जीती थी

जून 2021 में नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) के बैंकरप्सी रिजॉल्यूशन प्रोसेस के तहत जालान​​​-​कालरॉक (Jalan-Kalrock) कंसोर्टियम ने जेट एयरवेज की बोली जीत ली। इसके बाद से जेट के रिवाइवल की प्रोसेस चल रही है, लेकिन अब तक एयरलाइन शुरू नहीं हो पाई है।

ये कंसोर्टियम मुरारी लाल जालान और कालरॉक कैपिटल की जॉइंट कंपनी है। जालान एक दुबई बेस्ड बिजनेसमैन हैं। वहीं कालरॉक कैपिटल मैनेजमेंट लिमिटेड फाइनेंशियल एडवाइजरी और ऑल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम करने वाली लंदन बेस्ड ग्लोबल फर्म है।

अप्रैल 2019 से बंद है जेट एयरवेज

जेट एयरवेज एक समय भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइंस में से एक थी और एयरलाइन को साउथ एशियन नेशन की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइन का दर्जा हासिल था। फिर, कर्ज में दबे होने के कारण जेट एयरवेज 17 अप्रैल 2019 में ग्राउंडेड हो गई थी।

नरेश गोयल ने की थी जेट एयरवेज की शुरुआत

1990 के दशक की शुरुआत में टिकटिंग एजेंट से एंटरप्रेन्योर बने नरेश गोयल ने जेट एयरवेज इंडिया लिमिटेड की शुरुआत कर लोगों को एअर इंडिया का ऑल्टरनेटिव दिया था। एक वक्त जेट के पास कुल 120 प्लेन थे और वो लीडिंग एयरलाइन में से एक हुआ करती थी।

‘दि जॉय ऑफ फ्लाइंग’ टैग लाइन वाली कंपनी जब पीक पर थी तो हर रोज 650 फ्लाइट्स का ऑपरेशन करती थी। जब कंपनी बंद हुई तो उसके पास केवल 16 प्लेन रह गए थे। मार्च 2019 तक कंपनी का घाटा 5,535.75 करोड़ रुपए का हो चुका था।