आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल के पैथोलॉजी और लैब मेडिसिन विभाग ने मेडिकल छात्रों के लिए छठवाँ इंटरनेशनल स्कूल ऑफ ऑन्कोलॉजी का आयोजन किया । कैंसर की हो रही वैश्विक वृद्धि के कारण प्रत्येक भावी चिकित्सक को जागरूक होने और विभिन्न परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट अवधारणाएं और मौलिक ज्ञान की आवश्यकता है । इंटरनेशनल स्कूल ऑफ ऑन्कोलॉजी (आईएसओ) एक छात्र-केंद्रित और व्यावहारिक बहु-विषयक पांच दिवसीय शिक्षा कार्यक्रम था, जिसमें विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों के प्रख्यात वक्ताओं द्वारा नैदानिक और इंटरवेंशनल मास्टर कक्षाएं / सेमिनार / ई-लर्निंग गतिविधियां, अस्पताल भ्रमण और ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में हालिया निदान और अभ्यास तकनीकों का व्याख्यान प्रदर्शन आदि शामिल थे ।
इस वर्ष आईएसओ में देश के विभिन्न हिस्सों से पंजीकरण कराने वाले चालीस छात्रों का जबरदस्त रिस्पॉन्स देखने को मिला । जिसमें मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, उड़ीसा और तमिलनाडु राज्य और जिपमर पुडुचेरी, एम्स भुवनेश्वर और एम्स ऋषिकेश जैसे प्रमुख मेडिकल कॉलेज और आईएनआई ने भाग लिया । छात्रों को कैंसर निदान, प्रसार और विभिन्न प्रकार के हेमेटोलॉजिकल और घातक कैन्सरों के प्रबंधन के बारे में एक समग्र विचार प्रदान किया गया । प्रत्येक भाग लेने वाले छात्र ने ऑन्कोलॉजी से संबंधित एक अभिनव अनुसंधान अवधारणा और उनके दृष्टिकोण को भी प्रस्तुत किया । जिसका मूल्यांकन जजों की एक टीम द्वारा किया गया और तीन सर्वश्रेष्ठ पेपरों को पुरस्कृत भी किया गया । ISO-23 में नवीन अनुसंधान प्रस्ताव प्रस्तुति हेतु तेजस एन पाठक (जीएमसी एंड एच, चंद्रपुर) को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया, प्रथम भंडारी (एमजीआईएमएस, सेवाग्राम) को दूसरा पुरस्कार और संयुक्त रूप से तीसरे पुरस्कार विजेता अद्वैत के सुरेंद्रन (जेआईपीएमईआर पुडुचेरी) और ध्रुव मिस्त्री (एमजीआईएमएस सेवाग्राम) थे ।
समापन सत्र में प्रभारी निदेशक बर्था राथिनम, देबासिस विश्वास, डीन रिसर्च, नीलकमल कपूर, (पूर्व प्रमुख, पैथोलॉजी विभाग और पाठ्यक्रम निदेशक), चेयरपर्सन पैथोलॉजी और लैब मेडिसिन विभाग प्रमुख वैशाली वाल्के और विभिन्न विभागों के प्रख्यात वक्ताओं और संकाय सदस्यों के साथ उपस्थित थे । छात्र प्रतिभागियों के ज्ञान की खोज, उनका उत्साह, संसाधन संकायों द्वारा साझा किया गया ज्ञान और संकाय सदस्यों, आयोजन समिति के रेसीडेंटों द्वारा किए गए अथक प्रयास और सलाहकार समिति के मार्गदर्शन और कार्यपालक निदेशक और सीईओ अजय सिंह का संरक्षण में यह आयोजन एक यादगार अवसर बन सका ।