आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार देर रात मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बैठक की। सीएम हाउस में हुई इस बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा मौजूद रहे।

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले मंत्रियों के नाम, संख्या और शपथ लेने के समय पर सहमति नहीं बन सकी। बताया गया है कि बैठक में शामिल नेता राजेंद्र शुक्ल और गौरीशंकर बिसेन को लेकर राजी थे लेकिन बाकी दो नामों को लेकर पशोपेस बरकरार है। ऐसे में एक बार फिर सरकार और संगठन के बीच मंथन होने की पूरी संभावना है। इसमें नए मंत्रियों के नामों पर सहमति बनने के बाद ही शपथ दिलाई जा सकती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का गुरुवार का कार्यक्रम भी जारी हो गया है। जिसे देखते हुए गुरुवार को मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना नहीं बन रही है।

मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल में फिलहाल 30 मंत्री हैं जबकि कुल पद 35 हैं। इस हिसाब से अभी चार मंत्री और शामिल किए जा सकते हैं। विंध्य से राजेंद्र शुक्ला और महाकौशल से गौरीशंकर बिसेन का नाम लगभग तय है। अन्य नामों में प्रीतम लोधी, राहुल लोधी या जालम सिंह पर सहमति बन सकती है।

हालांकि, नए मंत्रियों को कामकाज के लिए सिर्फ डेढ़ माह का ही वक्त मिलेगा। एक-दो दिन में शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। भाजपा इस विस्तार के जरिए विधानसभा चुनाव से पहले जातिगत समीकरण के साथ नाराजगी और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश में है।

विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के 4 उम्मीदवार घोषित, निवाड़ी से मीरा यादव को टिकट

MP विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने चार प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निजी सचिव गंगाराम ने बुधवार को इनके नामों की सूची घोषित की। इसके मुताबिक, निवाड़ी विधानसभा सीट (46) से पूर्व विधायक मीरा दीपक यादव, छतरपुर के राजनगर (50) से बृजगोपाल पटेल उर्फ बबलू पटेल, दतिया की भांडेर (21) विधानसभा सीट से रिटायर्ड जिला जज आरडी राहुल (अहिरवार) और भिंड की मेहगांव विधानसभा सीट से डॉ. बृजकिशोर सिंह गुर्जर को प्रत्याशी बनाया गया है।

केंद्रीय मंत्री तोमर को BJP कार्यकर्ताओं ने घेरा, सोनकच्छ से राजेंद्र वर्मा का टिकट कटने पर जताई नाराजगी

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भोपाल में बुधवार दोपहर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का घेराव कर दिया। तोमर पार्टी कार्यालय से बाहर जा रहे थे, तभी सोनकच्छ के बीजेपी कार्यकर्ता उनकी कार के आगे आ गए। वे ढोल और नगाड़ों के साथ पार्टी ऑफिस पहुंचे थे।