आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : डी-मार्ट के फाउंडर राधाकिशन दमानी ने ब्यूटी एवं पर्सनल केयर रिटेल चेन ‘हेल्थ एंड ग्लो’ का अधिग्रहण कर लिया है। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, दमानी ने 700-750 करोड़ रुपए में राजन रहेजा और हेमेंद्र कोठारी से बेंगलुरु बेस्ड इस कंपनी को खरीदा है।
2015 में बॉम्बे स्वदेशी स्टोर्स के बाद यह दमानी का दूसरा बड़ा अधिग्रहण है, जो देश का सबसे पुराना रिटेलर है। इस स्टोर की स्थापना स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक, मुममोहनदास रामजी और बिजनेसमैन JRD टाटा ने की थी।
हेल्थ एंड ग्लो के देश में 175 से ज्यादा स्टोर
हेल्थ एंड ग्लो का पहला स्टोर 1997 में चेन्नई में खोला गया था। इसके बाद कंपनी बेंगलुरु, पुणे, मुंबई, कोलकाता, भोपाल, भुवनेश्वर और हैदराबाद सहित अन्य शहरों में 175 से ज्यादा स्टोर खोल चुकी है।
नायका सहित अन्य ब्रांडों को मिलेगी टक्कर
मार्केट रिसर्च फर्म यूरोमॉनिटर इंटरनेशनल के अनुसार, साल 2023 के लास्ट तक भारत में ब्यूटी एवं पर्सनल केयर का मार्केट कैप 18.3 बिलियन डॉलर यानी 1.50 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का हो सकता है। दमानी के इस बिजनेस में आने से नायका जैसे ब्रांड को टक्कर मिलेगी।
पहली तिमाही में कंपनी को 658.71 करोड़ का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट हुआ
डी-मार्ट को चलाने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड ने पिछले हफ्ते फाइनेंशियल ईयर 2024 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट 658.71 करोड़ रुपए रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 642.89 करोड़ रुपए था।
इसके साथ ही कंपनी की कंसोलिडेटेड इनकम 18.2% बढ़कर 11,865.44 करोड़ रही, जो 2023 की पहली तिमाही में 10,594.11 करोड़ रुपए थी। इसके अलावा इस तिमाही में कंपनी ने 3 नए स्टोर खोले हैं। 30 जून तक के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी 327 स्टोर ऑपरेट करती है।