आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दो दिनों में करीब 25 घंटे की मैराथन वन-टू-वन मीटिंग के बाद कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन भंवर जितेन्द्र सिंह अलवर और सदस्य अजय कुमार लल्लू, सप्तागिरी उल्का ने मप्र की सभी 230 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम ले लिए हैं।पीसीसी में रविवार सुबह बंद कमरे में पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कांग्रेस रणदीप सुरजेवाला, जितेन्द्र सिंह सहित चारों नेताओं के साथ चर्चा की। पीसीसी में दो घंटे तक प्रमुख कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद कमलनाथ रवाना हो गए। फिर रात 8 बजे तक चारों नेताओं ने जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों के साथ वन टू वन चर्चा की।

नेताओं ने पूछा जीत-हार के फैक्टर बताओ

बंद लिफाफे में मिले संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर सुरजेवाला, जितेन्द्र सिंह ने जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों से हर केंडिडेट के बारे में पूछा। यह भी पूछा गया कि जिस उम्मीदवार का नाम पहले नंबर पर रखा है वह क्यों और किन कारणों से जीतने लायक है। जीत-हार के फैक्टर्स को लेकर भी जिलाध्यक्षों, प्रभारियों से चर्चा की गई।

नकुल-कमलेश्वर को छोड़ 17 सदस्यों से हुई चर्चा

मप्र कांग्रेस की चुनाव समिति के 19 सदस्यों में कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविन्द सिंह, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, अजय सिंह राहुल, विवेक तन्खा, राजमणि पटेल, सज्जन सिंह वर्मा, डॉ विजयलक्ष्मी साधौ, तरुण भनोट, ओमकार सिंह मरकाम, सुखदेव पांसे, बाला बच्चन, जीतू पटवारी, आरिफ मसूद के साथ सुरजेवाला, जितेन्द्र सिंह ने अजय लल्लू, सप्तागिरी उल्का की मौजूदगी में अलग-अलग चर्चा की। चुनाव समिति के दो सदस्य सांसद नकुल नाथ, और विधायक कमलेश्वर पटेल पीसीसी नहीं पहुंचे।

आज विधायकों, सांसदों, पूर्व MP,MLAs से मिलेंगे

एआईसीसी की ओर से तैनात किए गए चारों नेता आज मप्र के कांग्रेस विधायकों, सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व सांसदों से चर्चा करेंगे। इसके अलावा टिकट के दावेदारों की भी सुरजेवाला, जितेन्द्र सिंह, अजय कुमार लल्लू और सप्तागिरी उल्का से चर्चा हो सकेगी।

स्क्रीनिंग कमेटी के मेंबर अजय लल्लू बोले- अब बीजेपी की सरकार नहीं बनने वाली

पीसीसी में बैठक के बाद कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के मेंबर और यूपी कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने दैनिक भास्कर से चर्चा की। चित्रकूट में विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ को बीजेपी के राष्ट्रीय जेपी नड्डा द्वारा घमंडिया गठबंधन कहे जाने पर लल्लू ने कहा- यह उनका घमंड बोल रहा है। “हाथ कंगन को आरसी क्या? पढ़े लिखे को फारसी क्या?

लल्लू ने कहा जेपी नड्डा यह जानते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार अब नहीं बनने वाली है। जनता ने मन बना लिया है। महंगाई बेरोजगारी और देश की गिरती हुई अर्थव्यवस्था जो हालात हैं। देश में नफरत के बीज जो भारतीय जनता पार्टी ने बोए हैं। वह समाप्त होने का दौर आ गया है। ये राहुल गांधी का नेतृत्व है। देश में इंडिया जीतने आ रहा है। इंडिया के विरोधी हारने जा रहे हैं।

मप्र में बदलाव की बयार चल रही

दो दिनों तक बैठकें और चर्चा करने के बाद अजय कुमार लल्लू ने कहा- मध्यप्रदेश में लोगों में जबरदस्त उत्साह है। बदलाव की बयार चल रही है। शिवराज सिंह जाने वाले हैं। उनके 50% भ्रष्टाचार की कलई खुल गई है। मध्यप्रदेश में हर रोज भोपाल में एक महिला के साथ दुराचार होता है। यह सब भी पूरा स्पष्ट है किसान कितना कर्ज में है। 5लाख करोड़ से अधिक का कर्ज इस प्रदेश पर है। निश्चित तौर पर मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की सरकार की विदाई का वक्त आ गया है। उम्मीदवार घोषित करने को लेकर लल्लू ने कहा मंथन चल रहा है जल्द ही परिणाम सामने आएंगे।