आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में विकास का नया युग प्रारंभ हुआ है। देश अमृतकाल में निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। केन्द्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से मध्यप्रदेश बीमारू राज्य से विकसित राज्य की श्रेणी में पहुँच गया है। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह श्योपुर जिला मुख्यालय पर आयोजित विशाल जनसभा को ग्वालियर विमानतल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी जनसभा को वर्चुअली संबोधित किया।

केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंगलवार को अपरान्ह में ग्वालियर में हुई तेज बारिश की वजह से हेलीकॉप्टर द्वारा श्योपुर नहीं पहुँच पाने पर ग्वालियर विमानतल परिसर से श्योपुर की जनसभा को वर्चुअली संबोधित किया। केन्द्रीय वन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री वी.डी. शर्मा भी मौजूद थे।

श्योपुर में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, प्रदेश के राज्य मंत्री श्री सुरेश धाकड़, सांसद श्री के.पी. यादव एवं सुश्री संध्या राय सहित अन्य जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि पहले मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी में गिना जाता था। वर्ष 2003 के बाद प्रदेश में विकास के बड़े-बड़े आयाम स्थापित हुए हैं। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में जन-कल्याण के अद्भुत कार्य किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश विकास की नई इबारत लिख रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने किसानों को खेती के लिये पर्याप्त बिजली और पानी उपलब्ध कराने के साथ-साथ गरीबों को अनाज और इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई है। केन्द्र व राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण का काम कर रही है, जिससे प्रदेश और देश दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रहा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में कम वर्षा होने से किसान भाई चिंतित हैं। मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूँ कि किसान भाई किसी भी प्रकार की चिंता न करें। प्रदेश की सरकार किसानों के साथ पूरी ताकत से खड़ी है। यदि कम वर्षा की वजह से फसलें खराब हुई होंगी तो सरकार इस संकट से भी किसानों को पार लेकर जायेगी। श्योपुर में केन्द्र और राज्य सरकार की विकासोन्मुखी योजनाओं की बदौलत विकास के नए-नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। श्योपुर जिले में सड़कों का जाल बिछाया गया है। साथ ही जिले में बड़ी-बड़ी सिंचाई परियोजनाओं मूर्तरूप दिया गया है। श्योपुर जिले में मेडिकल कॉलेज भी बन रहा है। सरकार ने गरीबों को अनाज उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके हित में तमाम कल्याणकारी योजनाएँ संचालित की हैं।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये प्रदेश में लागू की गई लाड़ली बहना योजना बहनों की जिंदगी बदलने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जन-कल्याण की अनेक योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन भी मध्यप्रदेश में किया जा रहा है।

पवित्र त्रिवेणी संगम का तीर्थ स्थल के रूप में होगा विकास

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने घोषणा की कि श्योपुर जिले में स्थित पवित्र रामेश्वर त्रिवेणी संगम को तीर्थ-स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। इसके लिये जल्द ही धनराशि मंजूर की जायेगी। केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने टेलीफोन पर मुख्यमंत्री श्री चौहान से रामेश्वर त्रिवेणी संगम को तीर्थ-स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की थी, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।