सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश के माननीय राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों को उनकी उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर आरएनटीयू बीएससी एग्रीकल्चर के छात्र रितेश गुप्ता एवं वंशिका बघेल को टैगोर टीचिंग क्लब के माध्यम से निर्धन एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षित करने में सक्रिय योगदान हेतु प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दोनों स्वयंसेवकों की सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता एवं सेवा भावना की कार्यक्रम में विशेष सराहना की गई।
विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वात्स ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, युवा शक्ति जब शिक्षा के साथ समाज सेवा को अपना दायित्व बनाती है, तब सकारात्मक परिवर्तन की नई दिशा तैयार होती है। आरएनटीयू के विद्यार्थी शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों का भी उत्कृष्ट निर्वहन कर रहे हैं, जो अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
आरएनटीयू के कुलगुरु प्रो. आर. पी. दुबे एवं कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय सदैव विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारे विद्यार्थी शिक्षा के साथ समाज सेवा में भी उत्कृष्ट योगदान दे रहे हैं, यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
स्वयंसेवकों के सम्मानित होने पर विश्वविद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गब्बर सिंह एवं डॉ. रेखा गुप्ता की विशेष भूमिका रही।