सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की सहकार से समृद्धि योजना के अंतर्गत, अपेक्स बैंक मुख्यालय, भोपाल में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला जिला सहकारी बैंकों से सम्बद्ध बहुदेशीय सहकारी समितियों के व्यवसाय के विविधीकरण पर केंद्रित रही।


कार्यशाला को संबोधित करते हुए बैंक के प्रबंध संचालक मनोज गुप्ता ने सहकारी क्षेत्र में संभावनाओं के विस्तार और व्यावसायिक विविधता की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बहुदेशीय सहकारी समितियों को आत्मनिर्भरता और ग्रामीण आर्थिक विकास का मजबूत आधार बताया।
इस अवसर पर बैंक की वि.क.अ. श्रीमती अरुणा दुबे, अरुण मिश्र, संजय मोहन भटनागर, श्रीमती कृति सक्सेना, उप महाप्रबंधक के.टी. सज्जन, वि.क.अ. अरविन्द बौद्ध और आर.सी. पटले सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं अनेक समिति प्रबंधक भी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में सहकारी समितियों की भूमिका को व्यापक बनाने, किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को तकनीकी एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा राज्य स्तर पर सहकारिता की प्रभावी संरचना को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि सहकारी समितियां केवल पारंपरिक कृषि ऋण सीमाओं तक सीमित न रहकर, दुग्ध, पशुपालन, जैविक खेती, प्रसंस्करण और विपणन जैसे क्षेत्रों में भी सक्रिय होंगी, जिससे ग्रामीण भारत की आत्मनिर्भरता को नया बल मिलेगा।

#बहुदेशीय_सहकारी_समितियाँ #व्यवसाय_विविधीकरण #सहकारिता_विकास #कार्यशाला #सहकारी_आंदोलन #समिति_सशक्तिकरण