नॉटिंघम । यहां आज से इंग्लैंड के खिलाफ शुरु हो रहे दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच से पहले ही मेहमान टीम न्यूजीलैंड को करारा झटका लगा है। कीवी टीम के कप्तान केन विलियमसन कोरोना संक्रमण के कारण टीम से बाहर हो गये हैं। विलियमसन में गुरुवार को ही हल्के लक्षण नजर आए थे जिसके बाद उनका रैपिड एंटीजन टेस्ट हुआ था। अब इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

अब वह कम से कम पांच दिनों तक के लिए पृथकवास में रहेंगे। वहीं न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने विलियमसन के बाहर होने की पुष्टि की है। विलियमसन की जगह पर हामिश रदरफोर्ड को न्यूजीलैंड टीम में शामिल किया गया है जबकि टीम की कप्तानी टॉम लैथम करेंगे।

न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने कहा, मैच से ठीक पहले विलियमसन का बाहर होना दुख की बात है। हम सभी इससे निराश है। उनकी जगह शामिल हामिश पहले दौरे में टेस्ट टीम के साथ थे और अभी वाइटैलिटी टी 20 ब्लास्ट में लीसेस्टरशर फॉक्स की ओर से खेल रहे हैं।