सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल में विश्व जल दिवस 2026 के अवसर पर जल एवं लैंगिक समानता थीम के अंतर्गत विविध जागरूकता कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में जल संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत जार एवं बॉल प्रयोग के माध्यम से प्रतिभागियों को यह समझाया गया कि पृथ्वी पर उपलब्ध कुल जल का अत्यंत छोटा हिस्सा ही पीने योग्य जल के रूप में उपलब्ध है। इस सरल एवं प्रभावी प्रदर्शन के माध्यम से जल के सीमित संसाधनों एवं उनके संरक्षण की आवश्यकता को स्पष्ट किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए उक्त विषय से संबंधित विज्ञान किट का निर्माण किया, जिससे उन्हें जल संरक्षण के वैज्ञानिक पहलुओं को समझने का अवसर प्राप्त हुआ तथा उनकी रचनात्मकता एवं प्रयोगात्मक कौशल का विकास हुआ।

इस अवसर पर केन्द्र में लगाए गए सेल्फी प्वाइंट पर आगंतुकों ने मनमोहक चित्र लेकर जल संरक्षण का संदेश प्रसारित किया एवं कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। इसी श्रृंखला में कल जल क्विज़ आयोजित किया जाएगा| कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन की उल्लेखनीय सहभागिता रही तथा सभी ने इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, पर्यावरणीय जागरूकता एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना को सुदृढ़ करने का सतत प्रयास किया जा रहा है।