सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : विश्व रंग श्रीलंका’, ‘आरंभ – मुंबई’ और ‘विश्व रंग भोपाल 2025’ जैसे ऐतिहासिक आयोजनों की अपार सफलता और विश्वरंग के सातवें संस्करण की वैश्विक पहुँच को साझा करने के उद्देश्य से होटल पलाश रेसीडेंसी, भोपाल में ‘विश्व रंग वार्ता’ का आयोजन किया गया। यह आत्मीय संवादात्मक कार्यक्रम विश्वरंग फाउंडेशन एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें साहित्य, कला और संस्कृति से जुड़े वरिष्ठ रचनाकारों, आयोजकों और सहयोगियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ साहित्यकार एवं विश्वरंग के परिकल्पक संतोष चौबे ने कहा कि विश्वरंग केवल एक महोत्सव नहीं, बल्कि भाषा, साहित्य और संस्कृति के माध्यम से वैश्विक मानवीय संवाद की सशक्त पहल है। उन्होंने बताया कि श्रीलंका, मॉरिशस, मुंबई और भोपाल जैसे विभिन्न सांस्कृतिक परिदृश्यों में विश्वरंग ने भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक चेतना को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान किया है। उन्होंने आयोजन की सफलता के पीछे समर्पित टीमवर्क, संस्थागत सहयोग और रचनात्मक अनुशासन को निर्णायक बताया।
विश्वरंग की सह-निदेशक डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने अपने वक्तव्य में कहा कि विश्वरंग के माध्यम से कला और संस्कृति के नए प्रयोगों की संभावनाएँ निरंतर विस्तृत हो रही हैं। उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में विश्वरंग के अंतर्गत एक विशेष ‘क्वायर फेस्टिवल’ जैसे आयोजन की संभावना पर भी विचार किया जा सकता है। उन्होंने बॉलीवुड गायिका सोना महापात्रा के संदर्भ में कहा कि जब उन्हें विश्वरंग की अवधारणा और उद्देश्य के बारे में बताया गया, तो उन्होंने इस मंच के लिए विशेष तैयारी की और 10 भाषाओं में गीत प्रस्तुत किए। निर्धारित 90 मिनट की प्रस्तुति को उन्होंने दर्शकों की भावनात्मक सहभागिता के चलते लगभग 150 मिनट तक प्रस्तुत कर विश्वरंग को एक अविस्मरणीय सांगीतिक अनुभव में बदल दिया।
कार्यक्रम के अन्य अतिथि में वरिष्ठ साहित्यकार मुकेश वर्मा, अंतरराष्ट्रीय प्रवासी साहित्य केंद्र के निदेशक डॉ. जवाहर कर्णावट, वरिष्ठ लेखिका एवं चतुर्वेदी चंद्रिका की संपादक विनीता चौबे ने आयोजन से जुड़े अनुभवों को साझा किया।
#विश्वरंगवार्ता #रंगमंच #सांस्कृतिकसंवाद #ऐतिहासिकअनुभव #कला_संस्कृति #भविष्यकीदिशा