नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने विराट कोहली का बचाव करते हुए कहा है कि वह इंग्लैंड दौरे में अपनी लय हासिल कर लेंगे। साथ ही कहा कि विराट की तकनीक में उन्हें कोई कमी नजर नहीं आती है। अजहर के अनुसार विश्व के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों को भी अपने करियर के दौरान कठिन समय से गुजरना पड़ा है क्योंकि सफलता के लिए कभी कभी आपको थोड़ी किस्मत की भी जरूरत होती है। यदि वह एक बड़ा स्कोर या शतक बनाने में सफल रहते हैं तो उनकी आक्रमकता वापस आ जाएगी।
अजहर ने कहा, ‘ जब कोहली 50 रन ही बनाते हैं तो लगता है कि वह विफल हो गए। यह सही है कि उन्होंने इस साल कुछ ज्यादा नहीं किया पर हर कोई अपने करियर में खराब दौर से गुजरता है। उन्हें थोड़ा ब्रेक मिल जाये तो वह फार्म हासिल कर लेंगे। ’ कोहली पिछले दो साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई शतक नहीं लगा पाये हैं।
वह आईपीएल के 15 वें सत्र में भी रन नहीं बना पाये। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की ओर से 16 मैचों में करीब 23 की औसत से कुल 341 रन ही बनाए हैं। इस दौरान वह तीन बार पहली ही गेंद पर आउट हुए और सत्र में केवल दो बार ही पचास से अधिक रन बना पाये। उन्हें अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के लिए आराम दिया गया है।
भारतीय टीम एक जुलाई से इंग्लैंड में मेजबान टीम के खिलाफ पांचवां टेस्ट मैच खेलेगी जो पिछले साल कोरोना संक्रमण के कारण स्थगित कर दिया गया था। विराट अब इंग्लैंड में इस टेस्ट मैच में खेलेंगे।