मुम्बई । आईपीएल में गुजरात टाइटंस की जीत के बाद से ही हार्दिक पांड्या भी भारतीय टीम में कप्तानी के प्रबल दावेदार के तौर पर उभरे हैं। कई दिग्गज क्रिकेटरों का मानना है कि आने वाले समय में कप्तान के तौर पर वह बेहतर विकल्प साबित होंगे। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर सहित कई दिग्गज खिलाड़ियों का मानना है कि हार्दिक को कप्तानी की अच्छी समझ है। आईपीएल में अपनी अच्छी बल्लेबाजी के साथ ही उन्होंने वापसी करते हुए बेहतरीन गेंदबाजी की थी।
ऐसे में आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया जाना चाहिये। गावस्कर के अनुसार हम सभी जानते थे कि वह बल्ले और गेंद से क्या कर सकता है पर जिस प्रकार आईपीएल में उन्होंने कप्तानी की उससे सभी हैरान हैं।
वहीं पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर के अनुसार हार्दिक पांड्या महेन्द्र सिंह धोनी की तरह ही शांत बने रहते हैं। इसके अलावा दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह को भी लगता है कि हार्दिक पांड्या में टीम इंडिया की कप्तानी करने की क्षमता है। उनकी फिटनेस को लेकर जो भी संदेह थे, वह भी अब हट गये हैं।