सिडनी । ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक की जमकर प्रशंसा की है। ली ने कहा कहा है कि उमरान की रफ्तार देखकर उन्हें पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनुस की याद आई है। उमरान आईपीएल में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले दूसरे गेंदबाज रहे। उमरान ने आईपीएल के एक मैच में 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। वकार पाक के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं।

उन्होंने टेस्ट में 373 और वनडे में 416 विकेट लिए थे।
ली ने कहा, ‘मैं उमरान का प्रशंसक बन गया हूं। मुझे लगता है कि इस युवा के पास काफी गति है। वह एक प्रतिस्पर्धी गेंदबाज हैं।’ उमरान न्र 15वें सत्र में अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा 22 विकेट लिए। आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले वह चौथे गेंदबाज बने हैं। उन्होंने सत्र में कई दिग्गज बल्लेबाजों को अपनी गेंदों का शिकार बनाया।

ली ने यह भी कहा कि मैं विराट कोहली का भी प्रशंसका हूं। अभी भले ही वह लय में नहीं है पर जैसे ही वह फार्म में आयेंगे बड़ी पारियां खेलने लगेंगे। अभी उन्हें ब्रेक लेकर अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहिये ताकि वह तरोताजा हो सकें। इसके बाद एक बार फिर हम उन्हें बड़ी पारियां खेलते हुए देखेंगे। विराट के लिए आईपीएल का यह सत्र अच्छा नहीं रहा और और वह केवल दो बार ही पचास से ऊपर जा सके।