सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका में दो भारतीयों पर नकली ओजेम्पिक बेचने का आरोप, 71 साल तक सजा का प्रावधान

वॉशिंगटन। अमेरिका में दो भारतीय नागरिकों पर नकली ओजेम्पिक की कथित तस्करी और बिक्री से जुड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह में शामिल होने का आरोप लगा है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, फ्लोरिडा की संघीय ग्रैंड जूरी ने 33 वर्षीय स्वप्नदीप रॉय और 37 वर्षीय विक्की रमणचा के खिलाफ साजिश और तस्करी से जुड़े आरोप तय किए हैं।

अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, जुलाई 2023 से अप्रैल 2024 के बीच दोनों ने चीन के अनधिकृत स्रोतों से कथित तौर पर नकली ओजेम्पिक हासिल किया और इसे अमेरिका में वितरकों को काफी कम कीमत पर बेचा। जांच एजेंसियों का आरोप है कि नकली दवाओं पर ऐसी पैकेजिंग, लेबल, निर्देश पुस्तिकाएं और सुइयां इस्तेमाल की गईं, जिनसे उन्हें असली दवा जैसा दिखाया जा सके।

मामले में स्वप्नदीप रॉय को इटली से अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया है और उसने अदालत में खुद को दोषी नहीं माना है। वहीं विक्की रमणचा अभी फरार बताया जा रहा है। अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि दिसंबर 2023 में कुछ नकली ओजेम्पिक जब्त करने के बाद उपभोक्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सार्वजनिक चेतावनी भी जारी की गई थी।

दोनों पर अमेरिका में तस्करी, नकली दवाओं की बिक्री और उन्हें बिक्री के लिए रखने तथा अमेरिका को धोखा देने की साजिश से जुड़े आरोप हैं। दोष सिद्ध होने पर प्रत्येक आरोपी को अधिकतम 71 वर्ष तक की सजा हो सकती है। हालांकि, अमेरिकी एफडीए ने स्पष्ट किया है कि अभियोग केवल आरोप हैं और अदालत में दोष सिद्ध होने तक सभी आरोपित निर्दोष माने जाते हैं।


Hashtags: #WorldInternational #Bhopal #Desksource #नकल #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #गटन #तरर