सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने कथित मानव तस्करी और देह व्यापार के एक मामले में 35 वर्षीय टीवी एक्ट्रेस को सुरक्षित बचाया है। हिंदी टीवी सीरियल और वेब सीरीज में काम कर चुकी अभिनेत्री को रेस्क्यू के बाद मुंबई के रेस्क्यू फाउंडेशन में सुरक्षा के तहत रखा गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके कथित पुरुष साथी की तलाश जारी है।

पुलिस को एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) से इस रैकेट की जानकारी मिली थी। इसके बाद 8 अक्टूबर को मीरा-भायंदर रोड स्थित एक होटल में कार्रवाई की गई। पुलिस ने पहले एक व्यक्ति को नकली ग्राहक बनाकर भेजा। कथित अवैध गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा और एक महिला को पैसे लेते हुए पकड़ा।

गिरफ्तार महिला की पहचान तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी (39) के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि वह अपने पुरुष सहयोगी के साथ मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं को देह व्यापार में धकेलने का काम करती थी। इस कथित रैकेट के निशाने पर टीवी सीरियल, वेब सीरीज और फोटोशूट में काम करने वाली महिलाएं थीं। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उसके कथित सहयोगी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने पीड़ित अभिनेत्री की पहचान और मामले से जुड़े अन्य निजी विवरण सार्वजनिक नहीं किए हैं। मामले की जांच जारी है।


Hashtags: #EntertainmentBollywood #Bhopal #एनएन #टवर #आईट #तहत #जबक #उसक #सरक #हटलरड