सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़/ इंटीग्रेटेड ट्रेड न्यूज़ भोपाल : श्री सत्य साई महिला महाविद्यालय, भोपाल में हिन्दी विभाग द्वारा गुरुवार, 31 जुलाई को तुलसी जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य सांस्कृतिक-साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा कु. कृष्णा की राम स्तुति से हुई, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जाओं से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘मानस प्रश्नमंच’ रहा, जिसमें गंगा, नर्मदा और गोदावरी नामक तीन दलों ने भाग लिया। यह तीन चरणों में विभाजित प्रतियोगिता थी, जिसमें तुलसीदास जी के जीवन, रामचरितमानस और सुंदरकांड पर आधारित प्रश्न पूछे गए। नर्मदा दल ने प्रथम स्थान और गोदावरी दल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

इसके बाद मंच पर नाट्य प्रस्तुति ‘तुलसीदास’ का आयोजन हुआ, जिसमें गोस्वामी तुलसीदास जी के जीवन के प्रेरणादायक प्रसंगों को छात्राओं ने सजीव अभिनय से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की निदेशक डॉ. प्रतिभा सिंह, प्राचार्य डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, विधि प्राचार्य डॉ. अंजु बाजपेयी, उपप्राचार्य डॉ. रेणू मिश्रा सहित समस्त प्राध्यापकगण और छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।प्राचार्य डॉ. श्रीवास्तव ने छात्राओं की प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए रामचरितमानस को भारतीय संस्कृति का दीपस्तंभ बताया। विधि प्राचार्य डॉ. बाजपेयी ने छात्राओं के उत्साह और प्रस्तुति की सराहना की। निदेशक डॉ. सिंह ने रामचरितमानस को जीवन की दिशा देने वाला ग्रंथ बताते हुए माता शबरी के प्रसंग से प्रकृति प्रेम और भक्ति के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘दिव्या’ (2024-25) का विमोचन निदेशक, प्राचार्य, विधि प्राचार्य एवं उपप्राचार्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन हिन्दी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपमा चौहान एवं उनकी टीम – डॉ. मनीषा त्रिपाठी, डॉ. अनुराधा सिंह और डॉ. अनीता तिवारी के सशक्त संयोजन में संपन्न हुआ।
#तुलसी_जयंती #मानस_प्रश्नमंच #नाटिका #सत्य_साई_महिला_महाविद्यालय #रामचरितमानस #शैक्षिक_आयोजन #महाविद्यालय_गतिविधि