बेंगलुरू। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता ने कहा है कि हांगझोउ में होंने वाले एशियाई खेलों के स्थगित होने को भी टीम एक अवसर की तरह लेगी क्योंकि अब उसे तैयारियों के लिए और अधिक समय मिलेगा। सविता के अनुसार जिस प्रकार टोक्यो ओलंपिक के एक साल के लिए स्थगित होने के अवसर का टीम ने लाभ उठाया था वैसा ही इस बार भी होगा। टोक्यो ओलंपिक खेल भी साल कोविड-19 महामारी के कारण एक साल के लिए स्थगित होने के बाद आयोजित किये गये थे।

सविता ने कहा, ‘हम इन खेलों के स्थगित होने से एक बार फिर इस तरह निपटेंगे कि हम इसे एशियाई खेलों के लिए ट्रेनिंग और बेहतर तैयार होने के अवसर के रूप में लेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘ओलंपिक के एक साल के लिए स्थगित होने से हमें सुधार करने का काफी समय मिला था और निजी तौर पर मैं कोच यानेक शॉपमैन के साथ काम करूंगी जिन्होंने गोलकीपर के रूप में मेरे अंदर आए सुधार में अहम भूमिका निभाई है।

‘ हाल के समय की सबसे सफल गोलकीपर में शामिल सविता जुलाई में होने वाले एफआईएच विश्व कप से पहले यूरोप में एफआईएच प्रो लीग मुकाबलों में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगी। सविता ने कहा, ‘टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने से सभी का हमारे प्रदर्शन पर ध्यान गया है। पहले सिर्फ पुरुष टीम से उम्मीदें होती थी लेकिन अब लोग महिला टीम से भी उम्मीद करते हैं कि अगर हम किसी टूर्नामेंट में हिस्सा लें तो शीर्ष तीन में जगह बनाएं और यह खेल के लिए अच्छा है।’