सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय एवं विश्व रंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में चार दिवसीय ‘टैगोर नाट्य महोत्सव’ का आयोजन 6 से 9 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत रंग-संगीत, साहित्यिक परिचर्चा और समकालीन कथाओं के नाट्य रूपांतरण सहित विविध रंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। महोत्सव का उद्देश्य रंगकला और साहित्य के माध्यम से गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक दृष्टि को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
6 सितंबर को मुक्तधारा में होगा महोत्सव का शुभारंभ
टैगोर नाट्य महोत्सव का शुभारंभ रविवार, 6 सितंबर को रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय स्थित मुक्तधारा में होगा। कार्यक्रम की शुरुआत अपराह्न 3 से 3.30 बजे तक ‘गीतांजलि’ की सांगीतिक प्रस्तुति से होगी। टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के नवागंतुक विद्यार्थी गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के गीतों की प्रस्तुति देंगे। संगीत निर्देशन संतोष कौशिक का होगा।
इसके बाद अपराह्न 3.30 से 4.15 बजे तक राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के पूर्व निदेशक एवं वरिष्ठ रंग निर्देशक देवेन्द्र राज अंकुर के निर्देशन में गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की दो कहानियों ‘एक रात/अंतिम रात’ का नाट्य मंचन किया जाएगा। प्रस्तुति टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा दी जाएगी।
‘टैगोर की सांस्कृतिक देन’ पर होगी परिचर्चा
महोत्सव के पहले दिन शाम 4.15 से 5 बजे तक ‘टैगोर की सांस्कृतिक देन’ विषय पर परिचर्चा आयोजित होगी। परिचर्चा की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध कवि-कथाकार, विश्व रंग के निदेशक एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलाधिपति श्री संतोष चौबे करेंगे।
परिचर्चा में रचनाकार उत्पल बैनर्जी, लेखक जयंत सिंह तोमर एवं टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निदेशक अविजित सोलंकी वक्ता के रूप में शामिल होंगे। परिचर्चा का संचालन युवा कथाकार एवं वनमाली कथा के संपादक कुणाल सिंह करेंगे।
रवीन्द्र भवन में संतोष चौबे की तीन कहानियों का होगा मंचन
महोत्सव के अगले तीन दिन 7, 8 एवं 9 सितंबर को भोपाल के रवीन्द्र भवन में सुप्रसिद्ध कवि-कथाकार संतोष चौबे की तीन कहानियों के नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों का निर्देशन वरिष्ठ रंग निर्देशक देवेन्द्र राज अंकुर करेंगे और मंचन ‘संभव नाट्य समूह, दिल्ली’ के कलाकारों द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत 7 सितंबर को ‘गरीब नवाज़’, 8 सितंबर को ‘उनके हिस्से का प्रेम और लेखक बनाने वाले’ तथा 9 सितंबर को ‘सतह पर तैरती उदासी’ का मंचन होगा।
तीनों नाट्य प्रस्तुतियां शाम 7 बजे से अंजनी सभागार, रवीन्द्र भवन, भोपाल में आयोजित की जाएंगी।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #2026 #समक #तरण