कोलकाता । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल में पहुंचने से उत्साहित गुजरात टाइटंस के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने कहा है कि यह सफलता टीम के सभी खिलाड़ियों के सहयोग के साथ ही परिवार के समर्थन से मिली है। हार्दिक ने अपनी टीम के खिलाड़ियों की तारीफ करने के साथ ही अपने परिवार को भी शुक्रिया कहा है।

पंड्या ने कहा, ‘मैंने अपने जीवन में कई चीजों को संतुलित करना शुरू कर दिया है। इसके लिए मैं पिछले कुछ समय से प्रयास कर रहा था पर अंत में, मेरे परिवार, मेरे बेटे, मेरी पत्नी और मेरे भाई ने भी इसमें सहयोग दिया। अब मैं घर जाने और परिवार के साथ कुछ समय बिताने के लिए उत्साहित हूं, इसी से मुझे एक बेहतर क्रिकेटर बनने में सहायता मिली है।

’ हार्दिक आईपीएल से पहले अपनी फिटनेस को लेकर परेशान रहे थे , इसी कारण वह भारतीय टीम से भी बाहर थे। इस आईपीएल सत्र में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी करने के साथ ही गेंदबाजी करना भी शुरू किया है। उन्होंने खिताबी मुकाबले को लेकर कहा, ‘अभी ज्यादा कुछ नहीं सोच रहे हैं।

टीम के सभी 23 खिलाड़ी अलग-अलग भूमिकाओ में हैं, वे सभी अलग तरह की चीजें लेकर आते हैं। मैंने मिलर से सिर्फ इतना कहा कि अगर आपके आसपास अच्छे लोग हैं तो आपको अच्छी चीजें अपने आज ही मिलती हैं।’ साथ ही कहा कि जो खिलाड़ी अंतिम एकादश में शामिल नहीं हैं वे भी चाहते हैं कि टीम अच्छा प्रदर्शन करे।