सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए भोपाल के आसपास राष्ट्रीय राजमार्गों पर ढाबों, पेट्रोल पंपों एवं अन्य संस्थाओं द्वारा बनाए जा रहे अवैध मीडियन कट्स पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी पेट्रोल पंप द्वारा अवैध मीडियन कट्स बनाया जाता है तो उसकी एनओसी निरस्त की जाए।
बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने सभी विभागों को शासकीय कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं सुशासन आधारित बनाने हेतु अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन व्यवस्था में जवाबदेही एवं कार्य दक्षता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
ई-ऑफिस संचालन में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु सीनियर टेक्निकल ऑफिसर ई-ऑफिस धर्मेन्द्र जैन द्वारा प्रस्तुतीकरण एवं वन-टू-वन चर्चा के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मार्गदर्शन किया गया।
कलेक्टर मिश्रा ने उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पेयजल, छाया, बैठने सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा आगामी 10 दिनों तक व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न आयोगों से प्राप्त लंबित शिकायतों एवं 18 प्लस आधार कार्ड वेरिफिकेशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर मिश्रा ने लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी दिनों में प्रत्येक विभाग की पृथक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके लिए सभी विभागाध्यक्षों को विभागीय कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

#एनएच #मीडियनकट्स #सड़कसुरक्षा #प्रशासनिककार्रवाई #राष्ट्रीयराजमार्ग #यातायातसुरक्षा #मध्यप्रदेश