मुम्बई । सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट मुकाबले में पंजाब की ओर से खेलते हुए नजर आयेंगे हालांकि वह लीग दौर में टीम के साथ नहीं थे। पंजाब टीम के कोच सुरेंद्र भाव ने भी कहा है कि शुभमन नॉकआउट मुकाबले के लिए टीम में रहेंगे।

पंजाब को सोमवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मध्यप्रदेश का मुकाबला करना है। यह मुकाबला बेंगलुरु में खेला जाएगा। पंजाब टीम को तीन मैचों में 16 अंक मिले थे और उसने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया था।

शुभमन ने लाल गेंद से अपना अंतिम मुकाबला दिसंबर 2021 में खेला था। भारत और न्यूजीलैंड के बीच घर में खेली गई 2 मैचों की सीरीज में उन्होंने 4 पारियों में 144 रन बनाए थे। उन्होंने आईपीएल के 16 मैच में 483 रन बनाए थे और 4 अर्धशतक लगाये थे। फाइनल में उन्होंने नाबाद 45 रन बनाए थे। वहीं पंजाब टीम को मध्यप्रदेश के खिलाफ मुकाबले से पहले एक झटका भी लगा है।

टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को भारतीय टीम में जगह मिली है , इसलिए वह इस मैच में नहीं खेल पायेंगे। कोच भावे ने कहा कि अर्शदीप की कमी हमें खलेंगी पर हमारी हमारी तैयारी पूरी है और अब हमारी नजरें सेमीफाइनल में जगह बनाने पर है।