सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : – मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव व पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के इंदौर, उज्जैन संभाग प्रभारी विनोद सेन ने प्रदेश और देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि आज देश की शिक्षा व्यवस्था आईसीयू में पहुंच चुकी है। शिक्षा का उद्देश्य युवाओं का भविष्य निर्माण करना होना चाहिए, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में शिक्षा और भर्ती प्रक्रियाएं भ्रष्टाचार, पेपर लीक और शिक्षा माफियाओं के शिकंजे में फंस चुकी हैं।

श्री सेन ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश होने के बावजूद बेरोजगारी की सबसे बड़ी चुनौती झेल रहा है। लाखों युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं, महंगी कोचिंग लेते हैं, आवेदन शुल्क भरते हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अपना समय और संसाधन लगाते हैं, लेकिन बार-बार होने वाले पेपर लीक, भर्ती घोटालों और परीक्षा अनियमितताओं के कारण उनके सपनों पर पानी फिर जाता है।

उन्होंने कहा कि यूपीएससी, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग और नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने युवाओं का भरोसा पूरी तरह तोड़ दिया है। परीक्षा प्रणाली अब प्रतिभा चयन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को निराश और हतोत्साहित करने वाली व्यवस्था बनती जा रही है। मेहनत युवाओं की होती है और उसका खामियाजा भी वही भुगतते हैं, जबकि दोषी माफिया और भ्रष्ट तंत्र बच निकलते हैं।

विनोद सेन ने कहा कि आज का युवा केवल रोजगार नहीं मांग रहा, बल्कि वह ऐसी व्यवस्था चाहता है जो उसकी मेहनत का सम्मान करे, पारदर्शिता सुनिश्चित करे और उसके भविष्य के साथ खिलवाड़ न होने दे। सरकार को जवाब देना चाहिए कि यदि छात्र पढ़ाई करें, प्रतियोगी परीक्षाएं दें और फिर भी उनके भविष्य की कोई गारंटी न हो, तो इस विफल व्यवस्था की जिम्मेदारी कौन लेगा?

पिछड़ा वर्ग कांग्रेस की ओर से श्री सेन ने मांग की है कि:–

सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को पेपर लीक मुक्त बनाने के लिए सख्त एवं जवाबदेह तंत्र स्थापित किया जाए।

भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए।

पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल शिक्षा माफियाओं तथा उनके संरक्षकों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।

दोषियों को कठोरतम कानूनी दंड दिया जाए।

देश के शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।

उन्होंने कहा कि यदि आज भी सरकार इस गंभीर विषय पर मौन रही तो आने वाले समय में और अधिक पेपर लीक होंगे, भर्तियां अटकेंगी और करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जाएगा।

युवाओं की आवाज को संगठित रूप से उठाने के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा शिक्षा बचाओ, युवाओं का भविष्य बचाओ अभियान प्रारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत छात्रों की गूंज चेपटर की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान से जुड़ने के लिए 9873036161 नंबर जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर युवा अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं। कांग्रेस पार्टी युवाओं की समस्याओं, संघर्षों और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से उठाएगी तथा शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर जनआंदोलन खड़ा करेगी।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #यवस #सरक #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #आईस