सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्रसंघ पदाधिकारियों समेत 17 छात्र विभिन्न मांगों को लेकर 3 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। छात्रसंघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

छात्रों की प्रमुख मांगों में मुख्य प्रॉक्टर कार्यालय नियमावली वापस लेना, छात्रसंघ पदाधिकारियों का निष्कासन रद्द करना, लैंगिक उत्पीड़न के खिलाफ शिकायत व्यवस्था जीएसकैश को बहाल करना और जेएनयू प्रवेश परीक्षा को फिर शुरू करना शामिल है। छात्र समान अवसर प्रकोष्ठ में भी प्रस्तावित रोहित अधिनियम के अनुरूप सुधार की मांग कर रहे हैं।

छात्रों ने विश्वविद्यालय के बुनियादी ढांचे से जुड़े कई मुद्दे भी उठाए हैं। इनमें छात्रावासों का नवीनीकरण, पुस्तकालय में सीटें बढ़ाना, खराब लिफ्टों की मरम्मत, परिसर की सड़कों और स्टेडियम का सुधार तथा बराक छात्रावास में मेस और वाई-फाई सुविधा बहाल करना शामिल है। स्वास्थ्य केंद्र में सुधार और लैंगिक समानता के अनुरूप शौचालय उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।

इसके अलावा छात्रसंघ ने कथित भर्ती अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच, मेरिट-कम-मींस छात्रवृत्ति की राशि बढ़ाने, इंजीनियरिंग छात्रों को इसके दायरे में शामिल करने, मेस बिलों के ऑडिट और छात्रों को पीएचडी जमा होने तक छात्रावास सुविधा देने की मांग रखी है।

छात्रसंघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर आंदोलन कर रहे पदाधिकारियों पर दबाव बनाने और चिकित्सकीय जांच से जुड़े आरोप भी लगाए हैं। प्रशासन की ओर से छात्रों को नियमों और निष्कासन आदेशों का हवाला दिए जाने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों के बीच विवाद के बीच भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही।


Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #एनय #एनएन #टवर #आईट #हरल #कहन #उनक #जएनयम17