सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बुखार आमतौर पर संक्रमण के कारण होता है और कई मामलों में कुछ दिनों में ठीक हो जाता है, लेकिन इसके साथ दिखाई देने वाले कुछ लक्षण गंभीर स्थिति का संकेत हो सकते हैं। क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष तिवारी के अनुसार, बुखार के साथ सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, अत्यधिक कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण नजर आएं तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए और तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।

तेज सांस चलना, सांस लेने में कठिनाई या होंठ और त्वचा का नीला पड़ना भी आपात स्थिति के संकेत हो सकते हैं। लगातार उल्टी या दस्त के साथ बहुत कम पेशाब आना, मुंह सूखना, चक्कर आना, खड़े होने पर कमजोरी या अत्यधिक सुस्ती शरीर में गंभीर पानी की कमी की ओर इशारा कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में घर पर इलाज जारी रखने के बजाय डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना जरूरी है।

बुखार के साथ नाक या मसूड़ों से खून आना, उल्टी या मल में खून, अचानक लाल या नीले चकत्ते, तेज सिरदर्द, गर्दन में अकड़न या दौरे पड़ना भी गंभीर चेतावनी संकेत हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं में विशेष सावधानी जरूरी है। वहीं लगातार 48 से 72 घंटे तक बुखार रहने पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी जाती है।


Hashtags: #Health #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #आमत #रमण #इसक